- पद्मश्री सम्मान के दौरान दिखा माधवन का रॉयल अंदाज

Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। भारतीय सिनेमा में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए अभिनेता आर. माधवन को मंगलवार को प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस खास अवसर पर माधवन अपने शानदार और जेंटलमैन लुक में नजर आए। नेवी ब्लू ब्लेजर, रिमलेस चश्मा और गोल्ड चेन के साथ उनका व्यक्तित्व बेहद आकर्षक लग रहा था। हालांकि, समारोह के दौरान सबसे अधिक चर्चा उनके हाथ में पहनी गई एक खास घड़ी की हुई। यह कोई साधारण घड़ी नहीं थी, बल्कि टाइटन की प्रीमियम ‘नेबुला’ कलेक्शन की लिमिटेड एडिशन ‘जलसा फ्लाइंग टूरबिलोन’ घड़ी थी, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
टाइटन नेबुला ‘जलसा’ बनी आकर्षण का केंद्र
पद्मश्री ग्रहण करते समय माधवन की कलाई पर सजी इस घड़ी ने घड़ी प्रेमियों और सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘टाइटन नेबुला जलसा फ्लाइंग टूरबिलोन’ भारतीय लक्जरी घड़ी निर्माण का एक बेहतरीन उदाहरण है। यह घड़ी 18 कैरेट रोज गोल्ड केस में तैयार की गई है और इसमें आधुनिक घड़ी निर्माण तकनीक के साथ भारतीय कला का अनूठा संगम देखने को मिलता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका हाथ से पेंट किया गया मार्बल डायल है, जिसे जयपुर के प्रसिद्ध हवा महल से प्रेरित होकर डिजाइन किया गया है। राजस्थानी मिनिएचर पेंटिंग शैली में तैयार किए गए बारीक डिजाइन इसे बेहद खास और संग्रहणीय बनाते हैं।
दुनिया में केवल 10 लोगों के पास है यह घड़ी
इस लग्जरी टाइमपीस की सबसे अनोखी बात इसकी दुर्लभता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाइटन ने इस मॉडल की दुनिया भर में केवल 10 यूनिट्स ही तैयार की हैं। यही वजह है कि यह घड़ी कलेक्टर्स और लग्जरी वॉच प्रेमियों के बीच बेहद खास मानी जाती है। सीमित संख्या में उपलब्ध होने के कारण इसकी मांग और प्रतिष्ठा दोनों काफी अधिक हैं। भारतीय ब्रांड द्वारा निर्मित यह घड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारतीय शिल्पकला और तकनीकी कौशल का प्रतिनिधित्व करती है। पद्मश्री जैसे प्रतिष्ठित समारोह में माधवन द्वारा इसे पहनना भारतीय लक्जरी उत्पादों के प्रति उनके विश्वास और गर्व को भी दर्शाता है।
फिल्मी करियर में भी व्यस्त हैं माधवन
कार्य क्षेत्र की बात करें तो आर. माधवन आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाले हैं। वह जल्द ही आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, अनिल कपूर और बॉबी देओल अभिनीत फिल्म ‘अल्फा’ में एक विशेष कैमियो भूमिका निभाते दिखाई देंगे। यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा माधवन की फिल्में ‘जी.डी.एन.’ और ‘अधिष्ठाशाली’ भी निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं। पद्मश्री सम्मान के साथ-साथ उनकी शानदार घड़ी ने भी इस समारोह को यादगार बना दिया, जिससे एक बार फिर अभिनेता अपनी सादगी, स्टाइल और भारतीय विरासत के प्रति सम्मान के कारण सुर्खियों में आ गए।