मिर्जापुर: द मूवी' का धमाकेदार टीजर रिलीज, सत्ता की जंग में फिर बहने वाला है खून

    25-Jun-2026
Total Views |
कालीन भैया, गुड्डू और मुन्ना भैया की वापसी ने बढ़ाया रोमांच

Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। दर्शकों का लंबे समय से इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। लोकप्रिय क्राइम-एक्शन फ्रेंचाइजी मिर्जापुर अब बड़े पर्दे पर धमाकेदार अंदाज में लौटने के लिए तैयार है। बुधवार (25 जून) को मिर्जापुर: द मूवी का बहुप्रतीक्षित टीजर रिलीज कर दिया गया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इससे पहले निर्माताओं ने कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना भैया के फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी थी। खास बात यह रही कि ‘गद्दी’ को केंद्र में रखकर जारी किए गए पोस्टर पर लिखा था, “यह गद्दी पर बैठने का खेल नहीं, अपना साम्राज्य खड़ा करने का खेल है।” इसी संवाद ने साफ संकेत दे दिया था कि इस बार कहानी पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और रोमांचक होने वाली है।

2 मिनट 22 सेकंड का टीजर

करीब 2 मिनट 22 सेकंड लंबे टीजर की शुरुआत कालीन भैया से होती है। पूजा-पाठ करते हुए वह कहते हैं, “काबिल वारिस मिलना बहुत मुश्किल है और कभी-कभी मिलता ही नहीं।” इसके बाद गुड्डू भैया की दमदार एंट्री होती है, जो अपने पिता से कहते हैं, “इतिहास उठाकर देख लीजिए, हर महत्वाकांक्षी गैंगस्टर सबसे ऊपर पहुंचा है।” इन संवादों के साथ ही दर्शक एक बार फिर मिर्जापुर की खून-खराबे और सत्ता संघर्ष से भरी दुनिया में पहुंच जाते हैं। टीजर में दिखाए गए दृश्य यह संकेत देते हैं कि अब लड़ाई केवल मिर्जापुर की गद्दी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपना अलग साम्राज्य स्थापित करने की होड़ शुरू हो चुकी है।

किरदारों के दमदार संवाद चर्चा में
टीजर रिलीज से पहले जारी किए गए पोस्टर्स ने भी प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया। पंकज त्रिपाठी के कालेन भैया वाले पोस्टर में लिखा गया, “जो आया है वो जाएगा भी, लेकिन आखिरी फैसला कालेन भैया का होगा।” वहीं अली फजल के गुड्डू भैया वाले पोस्टर पर लिखा था, “जरूरत से शुरू हुआ था, अब मजा आ रहा है।” सबसे ज्यादा चर्चा दिव्येंदु शर्मा के मुन्ना भैया वाले पोस्टर की हुई, जिसमें लिखा था, “हम हिंदी सिनेमा के हीरो हैं, अमर हैं।” इन संवादों ने सोशल मीडिया पर फैंस के बीच बहस और उत्साह दोनों को बढ़ा दिया है।

4 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
मिर्जापुर: द मूवी 4 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने किया है। इसका निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा के अलावा रवि किशन, श्वेता त्रिपाठी, जितेंद्र कुमार, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, श्रिया पिलगांवकर और हर्षिता गौर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। गौरतलब है कि मिर्जापुर भारत की सबसे लोकप्रिय वेब सीरीज में से एक मानी जाती है, जिसके तीनों सीजन दर्शकों के बीच जबरदस्त हिट रहे हैं। अब बड़े पर्दे पर इसकी एंट्री को लेकर फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।