
Image Source:(Internet)
नागपुर। शहर की पुलिस व्यवस्था को नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा 23 जून 2026 को जारी तबादला आदेश के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विश्वास नांगरे पाटील को नागपुर का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। अपने साहस, अनुशासन और जनोन्मुखी पुलिसिंग के लिए पहचान रखने वाले नांगरे पाटील अब शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। खास बात यह है कि 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान उनके साहसिक कार्यों ने उन्हें देशभर में एक अलग पहचान दिलाई थी। ऐसे में उनकी नियुक्ति को नागपुर पुलिस प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
अनुभव और नेतृत्व का मजबूत संगम
वर्ष 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी विश्वास नांगरे पाटील का पुलिस सेवा में लंबा और प्रभावशाली अनुभव रहा है। नियुक्ति से पहले वे महाराष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। प्रशासनिक दक्षता, सख्त कार्यशैली और जनता से संवाद स्थापित करने की क्षमता के कारण वे राज्य के सबसे चर्चित पुलिस अधिकारियों में गिने जाते हैं। नागपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे महानगर में उनकी नियुक्ति से कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
रविंदर सिंगल को मिली नई जिम्मेदारी
वहीं, वर्तमान नागपुर पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंगल का तबादला कर उन्हें महाराष्ट्र एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। सिंगल के कार्यकाल में नागपुर में कई बड़े कानून-व्यवस्था संबंधी अभियानों, महत्वपूर्ण आयोजनों और संवेदनशील परिस्थितियों का सफल प्रबंधन किया गया। महाराष्ट्र पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य राज्य के प्रमुख पदों पर अनुभवी अधिकारियों की तैनाती कर पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना बताया जा रहा है। नागपुर में अब सभी की निगाहें विश्वास नांगरे पाटिल के नेतृत्व और उनकी कार्यशैली पर टिकी होंगी।