पत्रकार बनकर व्यापारी को धमकाने का आरोप, चार लोगों पर मामला दर्ज

    24-Jun-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नागपुर। कलमना क्षेत्र में एक व्यापारी से कथित रूप से पत्रकार बनकर उगाही करने का मामला सामने आया है। कलमना पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान गौरव हरिप्रसाद वांडे (31), सचिन सुरेशसिंह बैस (42), नरेंद्र लक्ष्मणजी चौके (57) और जितेंद्र अशोककुमार केवलानी (42) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने स्वयं को मीडिया से जुड़ा बताते हुए व्यापारी से पैसों की मांग की और पैसे नहीं देने पर उसके खिलाफ नकारात्मक खबरें प्रकाशित करने तथा उसकी छवि खराब करने की धमकी दी।

पुलिस कर रही जांच
व्यापारी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर कलमना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पत्रकार होने का दावा कर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने इसी तरह की गतिविधियों को अंजाम देकर अन्य व्यापारियों या लोगों को भी निशाना बनाया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पत्रकारिता की आड़ में होने वाली कथित अवैध गतिविधियों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।