एक सप्ताह बाद Google Play Store पर लौटा Telegram, NEET परीक्षा के चलते लगाया गया था प्रतिबंध

    24-Jun-2026
Total Views |
- NEET UG पुनर्परीक्षा से पहले एहतियातन लगाया गया था प्रतिबंध

Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क।
लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म Telegram एक सप्ताह के अस्थायी प्रतिबंध के बाद मंगलवार को फिर से Google Play Store पर उपलब्ध हो गया। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के अनुरोध पर 16 जून से 22 जून तक Telegram की पहुंच सीमित करने के निर्देश दिए थे। यह कदम NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले एहतियातन उठाया गया था। NTA का आरोप था कि कुछ संगठित नकल गिरोह Telegram का इस्तेमाल परीक्षा से जुड़ी भ्रामक जानकारी फैलाने और छात्रों का शोषण करने के लिए कर रहे थे। 21 जून को आयोजित पुनर्परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और ऐप स्टोर्स को प्लेटफॉर्म पर अस्थायी रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे।

ऐप बहाल, लेकिन कुछ फीचर्स पर प्रतिबंध जारी

हालांकि Telegram अब दोबारा Google Play Store पर उपलब्ध हो गया है, लेकिन सरकार द्वारा लगाया गया संदेश संपादन (Message Editing) फीचर पर प्रतिबंध 30 जून तक जारी रहेगा। इस बीच, Telegram FZ LLC ने केंद्र सरकार के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन अदालत ने याचिका खारिज कर दी। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि केंद्र सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69A के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आपातकालीन शक्तियों का उपयोग किया है। अदालत ने यह भी माना कि परीक्षा से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए लगाए गए प्रतिबंध उचित और संतुलित थे।

सरकार के फैसले को हाईकोर्ट की मंजूरी
दिल्ली हाईकोर्ट की पीठ ने अपने आदेश में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दिए गए कारण आपातकालीन स्थिति को देखते हुए पर्याप्त थे। अदालत ने Telegram की उस दलील को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि प्रतिबंध के पीछे पर्याप्त कारणों की जानकारी नहीं दी गई। सरकार ने अदालत को बताया कि यह निर्णय राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी और गृह मंत्रालय की सिफारिशों के आधार पर लिया गया था। दोनों संस्थाओं ने पुनर्परीक्षा के दौरान प्लेटफॉर्म के संभावित दुरुपयोग को लेकर गंभीर चिंताएं व्यक्त की थीं। फिलहाल Telegram की सेवाएं बहाल कर दी गई हैं, लेकिन सरकार परीक्षा प्रक्रिया की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर नजर बनाए हुए है।