- नीट री-एग्जाम केंद्र विवाद पर केंद्र सरकार और एनटीए को घेरा

Image Source:(Internet)
नई दिल्ली/नागपुर। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा के एक अभ्यर्थी को नागपुर के बजाय अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाने के मामले को लेकर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश के बच्चों और उनके अभिभावकों के धैर्य की परीक्षा ली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली की लापरवाही के कारण एक छात्र को अनावश्यक मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। राहुल ने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ इस तरह का “जुआ” खेलना बंद होना चाहिए और उन्हें संवेदनशील, जिम्मेदार तथा जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए।
‘पासपोर्ट नहीं, विदेश जाने के पैसे नहीं, फिर भी मिला अबू धाबी केंद्र’
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में बताया कि नागपुर का एक छात्र पिछले एक महीने से नीट पुनर्परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परीक्षा से ठीक एक दिन पहले जब उसने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसे पता चला कि उसका परीक्षा केंद्र संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी शहर में स्थित भारतीय विद्यालय में निर्धारित किया गया है। राहुल ने कहा कि छात्र के पास न तो पासपोर्ट था और न ही उसके परिवार के पास विदेश भेजने के लिए पर्याप्त आर्थिक संसाधन थे। ऐसे में वह पूरी रात तनाव में रहा और परीक्षा देने से भी इनकार करने लगा। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी गंभीर त्रुटि कैसे हो सकती है। उन्होंने कहा कि जिस परीक्षा प्राधिकरण को छात्र के अपने शहर में केंद्र उपलब्ध कराना चाहिए था, वह उसे विदेश में केंद्र आवंटित कर रहा है, ऐसे तंत्र को परीक्षा आयोजित करने का अधिकार नहीं होना चाहिए।
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, कहा- यह छात्रों का शोषण
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था विद्यार्थियों के समय, धन और मानसिक शांति का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि वे पहले भी कोटा में इस विषय को उठा चुके हैं और अब यह केवल शिक्षा व्यवस्था नहीं रह गई है, बल्कि पूरी पीढ़ी के संसाधनों और सपनों पर बोझ बनती जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली का उद्देश्य छात्रों को अवसर देना होना चाहिए, न कि उन्हें तनाव और अनिश्चितता में धकेलना। उन्होंने केंद्र सरकार और एनटीए से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
एनटीए ने माना तकनीकी त्रुटि, छात्र को नागपुर में मिला नया केंद्र
विवाद बढ़ने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि मामले का समाधान कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि छात्र को अब उसके गृह नगर नागपुर में ही परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया है। गौरतलब है कि मूल नीट परीक्षा के दौरान छात्र का केंद्र नागपुर के सरस्वती विद्यालय में था। हालांकि पेपर लीक विवाद के बाद पुनर्परीक्षा घोषित की गई और नए एडमिट कार्ड में उसे अबू धाबी इंडियन स्कूल केंद्र आवंटित दिखाई दिया। एनटीए के हस्तक्षेप के बाद इस त्रुटि को सुधार लिया गया है, लेकिन इस घटना ने परीक्षा प्रबंधन और तकनीकी प्रक्रियाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।