- नागपुर के छात्र को विदेश में केंद्र मिलने से मचा था हड़कंप

Image Source:(Internet)
नई दिल्ली/नागपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नागपुर के एक नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा अभ्यर्थी को गलती से अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाने के मामले का समाधान कर दिया है। एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने शनिवार को स्पष्ट किया कि तकनीकी त्रुटि को सुधारते हुए छात्र को उसके गृह नगर नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब अभ्यर्थी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और वह निर्धारित तिथि पर नागपुर में परीक्षा दे सकेगा। यह मामला तब सामने आया जब पुनर्परीक्षा के लिए जारी एडमिट कार्ड में छात्र का परीक्षा केंद्र संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी शहर में दर्शाया गया था, जिससे छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई थी।
पेपर लीक के बाद पुनर्परीक्षा, नए एडमिट कार्ड में दिखा विदेश का केंद्र
जानकारी के अनुसार छात्र ने आवेदन के समय अपनी पहली पसंद नागपुर, दूसरी वर्धा और तीसरी भंडारा को परीक्षा शहर के रूप में चुना था। मूल नीट परीक्षा के लिए उसे नागपुर के सरस्वती विद्यालय में केंद्र आवंटित किया गया था। हालांकि पेपर लीक विवाद के बाद पुनर्परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया और नया एडमिट कार्ड जारी किया गया। छात्र ने जब अपना संशोधित प्रवेश पत्र डाउनलोड किया तो उसमें परीक्षा केंद्र अबू धाबी इंडियन स्कूल, यूएई दर्शाया गया था। परीक्षा से मात्र एक दिन पहले सामने आई इस गलती ने परिवार को असमंजस और तनाव में डाल दिया। परिवार के अनुसार उनके लिए इतनी कम अवधि में विदेश यात्रा की व्यवस्था करना पूरी तरह असंभव था।
परिवार ने दर्ज कराई शिकायत, पासपोर्ट तक नहीं था
छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने बताया कि उनके बेटे के पास पासपोर्ट तक नहीं है और न ही परिवार के पास विदेश भेजने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध थे। उन्होंने तत्काल एनटीए हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। परिवार का कहना है कि एजेंसी ने त्रुटि स्वीकार करते हुए जांच के बाद संशोधित एडमिट कार्ड जारी करने का आश्वासन दिया था। इस घटना के कारण छात्र को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा और परीक्षा को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बन गई। मामला सामने आने के बाद शिक्षा जगत और अभिभावकों के बीच भी चिंता बढ़ गई थी।
पूर्व शिक्षा मंत्री ने उठाए सवाल, NTA ने दिए पारदर्शिता के भरोसे
महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. अनीस अहमद ने इस घटना को एनटीए की गंभीर लापरवाही बताते हुए एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की थी कि छात्र को तत्काल नागपुर या नजदीकी शहर में परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराया जाए। हालांकि एनटीए द्वारा समय रहते त्रुटि सुधार दिए जाने से छात्र और उसके परिवार को राहत मिली है। इस बीच एजेंसी ने नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा के लिए देशभर में व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं किए जाने का दावा किया है। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु संचालन के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या से अभ्यर्थियों को परेशानी न हो।