पाटलिपुत्र स्टेशन विवाद: राहुल गांधी द्वारा शेयर वीडियो के दावे को रेलवे ने बताया भ्रामक

    17-Jun-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नई दिल्ली/पटना। बिहार के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हाल ही में हुई अव्यवस्था और विरोध प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा साझा किए गए इस वीडियो पर पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) ने आपत्ति जताते हुए दावा किया है कि वीडियो का पाटलिपुत्र स्टेशन से कोई संबंध नहीं है। वीडियो में एक व्यक्ति ट्रेन के भीतर बेहोश होकर गिरता और उसे दौरे पड़ते हुए दिखाई दे रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने इसे साझा करते हुए दावा किया था कि बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की भीड़ और अव्यवस्था के दौरान उक्त व्यक्ति की मौत हो गई थी। राहुल गांधी ने वीडियो को रीपोस्ट करते हुए लिखा, “इस वीडियो ने मुझे भीतर तक झकझोर दिया।”

सरकार पर राहुल गांधी का हमला
राहुल गांधी ने इस घटना के बहाने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए छात्रों की यात्रा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार अपने उद्योगपति मित्रों पर अरबों रुपये खर्च करती है, लेकिन छात्रों को सुरक्षित यात्रा तक उपलब्ध नहीं करा पाती। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय विशेष ट्रेनें चलाई जाती हैं, जबकि परीक्षार्थियों के हिस्से में भीड़, घुटन और अव्यवस्था आती है। गांधी ने कहा कि मोदी सरकार छात्रों की आवाज सुनने को तैयार नहीं है, लेकिन कांग्रेस उनकी आवाज को बुलंद करती रहेगी। उन्होंने अपने संदेश का समापन करते हुए लिखा, “यह गूंज अब रणघोष बनेगी।”

रेलवे ने दावों को किया खारिज
पूर्व मध्य रेलवे ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो पाटलिपुत्र स्टेशन का नहीं है और घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु की कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। रेलवे ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील करते हुए कहा कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति संभवत: किसी चिकित्सकीय समस्या या अत्यधिक थकान के कारण अस्वस्थ हुआ होगा। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि तथ्यों की पुष्टि के बिना भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करना उचित नहीं है और इससे अनावश्यक भ्रम फैलता है।

परीक्षार्थियों के प्रदर्शन से बिगड़े हालात
दरअसल, बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने शनिवार देर रात पाटलिपुत्र स्टेशन पर ट्रेन व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। अभ्यर्थियों का आरोप था कि अतिरिक्त ट्रेनों और पर्याप्त व्यवस्थाओं का अभाव रहा। प्रदर्शन के दौरान कुछ युवक रेलवे ट्रैक पर उतर गए, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। स्थिति बाद में हिंसक हो गई और पथराव व तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और चेतावनी स्वरूप हवाई फायरिंग भी की। घटना के बाद स्टेशन परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।