
Image Source:(Internet)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। यह पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार आधिकारिक नीट वेबसाइट पर जाकर अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन संख्या, पासवर्ड और सुरक्षा कैप्चा दर्ज कर लॉग इन करना होगा। एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले अपने बैंक खाते के विवरण की जांच कर लें, ताकि परीक्षा शुल्क वापसी की प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या न हो। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की भी सलाह दी गई है।
बैंक विवरण सुधारने का मौका, शुल्क वापसी होगी आसान
एनटीए ने रद्द की गई 3 मई की परीक्षा के शुल्क वापसी के लिए बैंक खाता सुधार और पुनः पुष्टि की सुविधा भी शुरू की है। एजेंसी के अनुसार कई उम्मीदवारों ने आवेदन के दौरान गलत या अधूरी बैंक जानकारी दर्ज की थी, जिससे रिफंड प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। ऐसे अभ्यर्थी अब पंजीकरण पोर्टल पर जाकर अपने बैंक खाते की जानकारी को सुधार सकते हैं। उल्लेखनीय है कि 3 मई को आयोजित मूल नीट यूजी परीक्षा को प्रश्नपत्र लीक होने के कारण रद्द कर दिया गया था। जांच में सामने आया था कि कुछ उम्मीदवारों को परीक्षा से दो दिन पहले मोबाइल फोन पर प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिए गए थे, जिसके बाद निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।
परीक्षा प्रक्रिया में किए गए कई महत्वपूर्ण बदलाव
री-एग्जाम को अधिक व्यवस्थित और छात्र हितैषी बनाने के लिए एनटीए ने कई बदलाव किए हैं। परीक्षा अब एक ही पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। उपस्थिति और अन्य अनिवार्य प्रक्रियाओं के लिए अतिरिक्त 15 मिनट का समय भी दिया गया है। प्रश्न पुस्तिका में रफ वर्क के लिए पन्नों की संख्या दोगुनी कर दी गई है। अब दो पृष्ठ शुरुआत में और दो पृष्ठ अंत में दिए जाएंगे, जिससे विशेष रूप से बाएं हाथ से लिखने वाले विद्यार्थियों को सुविधा होगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों से शांत रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने और परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है।