आरटीई प्रवेश प्रक्रिया को मिली अंतिम मोहलत, 19 जून तक करा सकेंगे दाखिला

    15-Jun-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नागपुर। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत वर्ष 2026-27 की 25 प्रतिशत प्रवेश प्रक्रिया में चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। स्कूल शिक्षा विभाग ने वेटिंग लिस्ट राउंड-2 (सूची क्रमांक 3) में चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम विस्तार होगा और इसके बाद किसी भी प्रकार की अतिरिक्त मोहलत नहीं दी जाएगी। पहले चयनित विद्यार्थियों को 4 जून से 12 जून के बीच प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 19 जून तक कर दिया गया है। इससे अभिभावकों को आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति और प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

दस्तावेज सत्यापन के साथ पूरी करनी होगी प्रक्रिया
शिक्षा विभाग ने सूची क्रमांक 3 में चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों को 13 जून से 19 जून के बीच प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए आवेदन के दौरान अपलोड किए गए सभी दस्तावेजों की मूल प्रतियां सत्यापन हेतु प्रस्तुत करनी होंगी। आवश्यक दस्तावेजों में आरटीई पोर्टल से डाउनलोड किया गया आवंटन पत्र (अलॉटमेंट लेटर) तथा पोर्टल पर उपलब्ध घोषणा पत्र (हमी पत्र) की प्रिंट कॉपी शामिल है। अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी, लेकिन अभिभावकों को केवल संदेशों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्हें नियमित रूप से आरटीई पोर्टल पर जाकर ‘एप्लिकेशन स्टेटस’ सेक्शन में आवेदन क्रमांक के माध्यम से अपने बच्चे की स्थिति जांचते रहना चाहिए।

19 जून के बाद रद्द हो सकती है सीट

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश संबंधी सभी जानकारी ‘एप्लिकेशन स्टेटस’ टैब के माध्यम से उपलब्ध रहेगी और इसके लिए अलग से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं है। दस्तावेज सत्यापन के बाद अभिभावकों को निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन प्रवेश की पुष्टि करना अनिवार्य होगा तथा सत्यापन समिति से ऑनलाइन पुष्टि रसीद भी प्राप्त करनी होगी। वहीं, प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को भी पोर्टल पर अपनी स्थिति नियमित रूप से जांचने की सलाह दी गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि 19 जून तक प्रवेश की पुष्टि नहीं की गई, तो आवंटित सीट रद्द कर दी जाएगी और उसे प्रतीक्षा सूची में अगले पात्र उम्मीदवार को आवंटित कर दिया जाएगा।