नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली पहली एयरलाइन बनी इंडिगो

    15-Jun-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नोएडा। देश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनआईए) से सोमवार को इंडिगो एयरलाइन ने अपनी उड़ान सेवाएं शुरू कर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही इंडिगो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के इस नए एयरपोर्ट से परिचालन शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बन गई है। एयरलाइन की ओर से जारी बयान के अनुसार, पहली उड़ान सुबह लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची, जबकि पहली प्रस्थान उड़ान बेंगलुरु के लिए रवाना हुई। इंडिगो ने कहा कि एनआईए से सेवाएं शुरू करना क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने और दिल्ली-एनसीआर तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बेहतर यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

16 से अधिक शहरों से सीधे जुड़ेगा नया एयरपोर्ट
इंडिगो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक शहरों से सीधे जोड़ेगी। इसके अलावा एयरलाइन ने कई शहरों के बीच वन-स्टॉप कनेक्टिविटी की सुविधा भी शुरू की है। इससे अमृतसर-जोधपुर, बरेली-भोपाल, जयपुर और जोधपुर, चंडीगढ़-बरेली, किशनगढ़ और पंतनगर जैसे कई शहरों के बीच यात्रा आसान होगी। एयरलाइन के अनुसार, इन सेवाओं से टियर-2 और टियर-3 शहरों की प्रमुख महानगरों तक पहुंच बेहतर होगी और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक एवं सुगम हवाई यात्रा का लाभ मिलेगा। इससे व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

भारत की विमानन यात्रा में नया अध्याय
इंडिगो के मुख्य रणनीति अधिकारी आलोक सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन भारत की विमानन यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर अब दुनिया के उन चुनिंदा महानगरों में शामिल हो गया है, जहां एक से अधिक हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं। उन्होंने इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों के लिए नए अवसरों का द्वार बताया। वहीं, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उपाध्यक्ष क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि इंडिगो की पहली उड़ानों के साथ एयरपोर्ट के संचालन का नया दौर शुरू हुआ है और इससे यात्रियों को अधिक विकल्प एवं सुविधा मिलेगी।

एनसीआर का प्रमुख एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब बनेगा एनआईए
यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे रणनीतिक रूप से स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भविष्य में एक प्रमुख एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभरने की क्षमता रखता है। यह क्षेत्र में मौजूदा हवाई अड्डों की क्षमता को पूरक करेगा और बढ़ती यात्री संख्या को संभालने में मदद करेगा। एनआईए के जुड़ने के साथ ही इंडिगो अब एनसीआर के तीनों प्रमुख हवाई अड्डों—दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट—से अपनी सेवाएं संचालित करेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह विकास क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था, व्यापार और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।