
Image Source:(Internet)
मुंबई। टीवी अभिनेत्री संचिता उगले के निधन की खबर ने मनोरंजन जगत को स्तब्ध कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘कुमकुम भाग्य’ फेम अभिनेत्री संचिता उगले सोमवार को मुंबई के नालासोपारा स्थित अपने घर में मृत पाई गईं। बताया जा रहा है कि 30 वर्षीय अभिनेत्री ने आत्महत्या की, हालांकि पुलिस और परिवार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद उनके प्रशंसकों, सह-कलाकारों और दोस्तों में शोक की लहर दौड़ गई है। सभी सोशल मीडिया के माध्यम से अभिनेत्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट ने बढ़ाई चर्चा
संचिता उगले के निधन की खबर के बीच उनका अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट भी चर्चा का विषय बन गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेत्री ने अपनी मौत की खबर सामने आने से कुछ समय पहले एक लिप-सिंक रील साझा की थी, जिसके कैप्शन में उन्होंने “Another Banger” लिखा था। वीडियो में वह सामान्य और खुश नजर आ रही थीं। ऐसे में प्रशंसक इस घटना से और अधिक हैरान हैं, क्योंकि उनके व्यवहार से किसी तरह के मानसिक तनाव का अंदेशा नहीं लग रहा था। हालांकि, उनके निधन के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
टीवी और फिल्मों में बनाई थी अलग पहचान
संचिता उगले ने अपने अभिनय करियर में कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में काम किया था। वह डंगल टीवी के शो ‘दिलवाली दुल्हा ले जाएगी’ में अभिनेता सोराब बेदी के साथ नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने ‘वागले की दुनिया’ जैसे चर्चित धारावाहिकों में भी अभिनय किया। टीवी के साथ-साथ उन्होंने फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई थी। अभिनेत्री फिल्म ‘छावा’ में विक्की कौशल के साथ तथा ‘साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ में मनोज बाजपेयी के साथ दिखाई दी थीं। उनके असमय निधन की खबर ने मनोरंजन उद्योग को गहरा सदमा पहुंचाया है।