30 जून से खुलेंगे नागपुर के सीबीएसई स्कूल, 15 जून से लगेंगी ऑनलाइन कक्षाएं

    13-Jun-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नागपुर। नागपुर के सीबीएसई स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। संशोधित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार शहर के अधिकांश सीबीएसई विद्यालयों में नियमित ऑफलाइन कक्षाएं 30 जून 2026 से शुरू होंगी। इसी क्रम में भवन्स भगवानदास पुरोहित विद्या मंदिर (बीबीपीवीएम), सिविल लाइंस ने अभिभावकों के लिए जारी परिपत्र में बताया है कि कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए नियमित स्कूल 30 जून से पूर्व निर्धारित समयानुसार संचालित होगा। विद्यालय प्रशासन के अनुसार कक्षा पहली से दसवीं तक की कक्षाएं सुबह 8:50 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक चलेंगी, जबकि कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए समय सुबह 8 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

15 से 29 जून तक ऑनलाइन पढ़ाई
विद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार नियमित कक्षाएं शुरू होने से पहले विद्यार्थियों की पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से कक्षा छठी से बारहवीं तक के छात्रों के लिए 15 जून से 29 जून तक ऑनलाइन कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। ये ऑनलाइन सत्र प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि ऑनलाइन कक्षाओं का विस्तृत टाइम-टेबल विद्यार्थियों और अभिभावकों को व्हाट्सएप समूहों तथा कैंपस केयर पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। माना जा रहा है कि शहर के अन्य कई सीबीएसई संबद्ध विद्यालय भी इसी प्रकार की व्यवस्था अपनाएंगे। विद्यालयों का कहना है कि इस व्यवस्था से नियमित कक्षाएं शुरू होने से पहले विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और नए शैक्षणिक सत्र का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।