सक्करदरा डबल मर्डर केस! बड़ी सफलता, क्राइम ब्रांच ने तीन मुख्य आरोपियों को दबोचा

    11-Jun-2026
Total Views |

नागपुर। सक्करदरा थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। मृतकों की पहचान आदित्य उर्फ सोनू बोडवे और दादू उर्फ आदित्य राहूलकर के रूप में हुई है। यह घटना 10 जून 2026 की रात करीब 8:30 बजे छोटा ताजबाग स्थित गोंड वस्ती, रघुजीनगर इलाके में हुई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था, जिसके चलते पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी थी।

फल दुकान के विवाद ने लिया खूनी रूप
पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत एक फल दुकान में काम से हटाए जाने को लेकर हुई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में यह झगड़ा हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि वैभव उर्फ दादू प्रदीपराव डोंगरे (30), निवासी नरसाला; वेदांत उर्फ डब्बा अजय डाबीर (20), निवासी रघुजीनगर; और अभिषेक उर्फ तात्या उत्तम राऊत (26), निवासी न्यू नंदनवन ने मिलकर मृतकों पर ईंट, पत्थरों और धारदार चाकू से हमला किया। हमले में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सक्करदरा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।

शहर छोड़ने की फिराक में थे आरोपी, विहिरगांव से पकड़े गए
हत्या के बाद आरोपी शहर से फरार होने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन की मदद से उनकी गतिविधियों का पता लगाया। पुलिस टीम ने विहिरगांव स्थित गरगोटी नाला क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें सक्करदरा पुलिस के हवाले कर दिया गया। क्राइम ब्रांच यूनिट-5 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गोल्हे ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।