Image Source:(Internet)
मुंबई। स्टैंड-अप कॉमेडियन और पूर्व बिग बॉस 19 प्रतिभागी प्रणीत मोरे इन दिनों एक विवादित वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए ‘370 रूपये बिरयानी’ (Rs 370 biryani) विवाद के बाद उन्हें भारी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। विवाद बढ़ने के बाद प्रणीत मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डीएक्टिवेट कर दिया। इस पूरे मामले में अभिनेत्री और उनकी करीबी मित्र मालती चाहर की प्रतिक्रिया सामने आई है। मालती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए महिलाओं के सम्मान और सहमति के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। हालांकि उन्होंने अपने पोस्ट में कहीं भी प्रणीत मोरे का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को इसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
‘महिलाओं की स्वतंत्रता इसलिए जरूरी लगती है’
मालती चाहर ने अपने पोस्ट में लिखा कि “370 रूपये की बिरयानी और ‘पेड्डी’ शब्द यह समझाने के लिए काफी हैं कि आखिर क्यों कई महिलाएं शादी को लेकर असहज महसूस करती हैं, अपनी स्वतंत्रता को महत्व देती हैं और बिल बांटना पसंद करती हैं।” उन्होंने कहा कि आज भी कई महिलाएं पुरुषों को आर्थिक रूप से सहयोग करती हैं, फिर भी उन्हें एक वस्तु की तरह देखा जाता है। मालती ने तीखे शब्दों में कहा कि “महिलाओं की सहमति की कीमत एक प्लेट बिरयानी से भी कम समझी जाती है।” उन्होंने आगे लिखा कि यह बेहद दुखद है कि समानता, सम्मान और गरिमा के लिए पीढ़ियों तक संघर्ष करने के बावजूद समाज आज भी ऐसी सोच से जूझ रहा है।
‘बेटों को महिलाओं का सम्मान करना सिखाएं’
अभिनेत्री ने अपने पोस्ट के माध्यम से माताओं और अभिभावकों से भी अपील की। उन्होंने लिखा कि बेटों को बचपन से ही महिलाओं का सम्मान करना और सहमति का महत्व समझाना जरूरी है। मालती ने कहा कि अक्सर लोग किसी बयान या दृश्य को सिर्फ मजाक या फिल्म का हिस्सा कहकर टाल देते हैं, लेकिन मीडिया और मनोरंजन जगत समाज की सोच और संस्कृति को प्रभावित करते हैं। जो बातें पर्दे पर सामान्य दिखाई जाती हैं, उनका असर वास्तविक जीवन में महिलाओं को झेलना पड़ता है। उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया कि वे सोच-समझकर तय करें कि किस तरह के कंटेंट और व्यक्तियों का समर्थन करना है।
क्या है पूरा ‘बिरयानी विवाद’?
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब प्रणीत मोरे के एक स्टैंड-अप शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दर्शकों के बीच मौजूद हिमांशु जांगड़ा नामक युवक ने महिलाओं के बारे में बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की। उसने कहा कि “मैंने उसे 370 रूपये की बिरयानी खिलाई है, इसलिए मुझे अपने पैसे का पूरा फायदा मिलेगा।” इस बयान को महिलाओं के प्रति असंवेदनशील और अपमानजनक माना गया। आलोचकों का आरोप है कि शो के होस्ट प्रणीत मोरे ने इस टिप्पणी का तुरंत विरोध करने के बजाय बातचीत को आगे बढ़ने दिया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं, जिसके बाद प्रणीत मोरे को माफी मांगनी पड़ी। वहीं, विवादित टिप्पणी करने वाले हिमांशु जांगड़ा को नौकरी से भी निकाल दिया गया है और उससे जुड़े अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।