पुणे यार्ड में होगा बड़ा रेलवे अपग्रेडेशन, कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

    11-Jun-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नागपुर/पुणे। पुणे और नागपुर के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को जून के मध्य में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मध्य रेलवे ने पुणे मंडल में महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग और सिग्नलिंग कार्यों के चलते कई ट्रेनों को रद्द और आंशिक रूप से रद्द करने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन पुणे यार्ड के समीप मौजूद डबल डिस्टेंट सिग्नल (DDS) पॉइंट को बदलने के साथ-साथ सिग्नलिंग एवं पॉइंट सिस्टम के आधुनिकीकरण का कार्य करेगा। इसके लिए विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना रेलवे अधोसंरचना को आधुनिक बनाने, परिचालन क्षमता बढ़ाने तथा यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है। हालांकि इस दौरान कुछ महत्वपूर्ण रेल सेवाओं पर असर पड़ना तय है।

नागपुर–पुणे एक्सप्रेस सहित कई सेवाएं रद्द

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन क्रमांक 12136 नागपुर–पुणे एक्सप्रेस की 13 जून की यात्रा पूरी तरह रद्द कर दी गई है। इसी तरह ट्रेन क्रमांक 12135 पुणे–नागपुर एक्सप्रेस की 14 जून की यात्रा भी निरस्त रहेगी। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। ट्रेन क्रमांक 11078 जम्मूतवी–पुणे एक्सप्रेस 12 जून को पुणे स्टेशन तक नहीं पहुंचेगी और हडपसर स्टेशन पर ही यात्रा समाप्त करेगी। हडपसर और पुणे के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा। वहीं, ट्रेन क्रमांक 11406 अमरावती–पुणे एक्सप्रेस 13 जून को हडपसर तक ही संचालित होगी तथा आगे का हिस्सा निरस्त रहेगा। इससे पुणे और आसपास के क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है।

यात्रियों से सहयोग की अपील, यात्रा से पहले स्थिति जांचने की सलाह
ब्लॉक अवधि के दौरान कुछ अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ सकता है। इसी क्रम में ट्रेन क्रमांक 12137 पुणे–रानी कमलापति एक्सप्रेस को 14 जून को पुनर्निर्धारित किया गया है। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय दोपहर 3:15 बजे के बजाय शाम 7:55 बजे पुणे से रवाना होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति अवश्य जांच लें। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य भविष्य में अधिक सुरक्षित, तेज और सुचारु रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक है। छुट्टियों के मौसम में यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने और समय रहते यात्रा योजना बनाने की सलाह दी है।