व्हाट्सएप पर RBI के नाम से भेजे जा रहे फर्जी संदेशों से रहें सावधान: PIB फैक्ट चेक

    11-Jun-2026
Total Views |
APK फाइल के जरिए बैंकिंग जानकारी चुराने की साजिश

Image Source:(Internet)

नई दिल्ली। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक इकाई ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नाम पर व्हाट्सएप पर प्रसारित किए जा रहे एक फर्जी संदेश को लेकर लोगों को सतर्क किया है। PIB ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी एक पोस्ट में स्पष्ट किया कि यह संदेश पूरी तरह से फर्जी है और इसका उद्देश्य लोगों की बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी चुराना है। फैक्ट चेक इकाई के अनुसार, कुछ लोगों को व्हाट्सएप पर एक APK फाइल के साथ संदेश भेजा जा रहा है, जिसमें दावा किया जाता है कि उनका बैंक खाता संदिग्ध लेन-देन से जुड़ा हुआ है। संदेश में खाता निलंबन या प्रतिबंध से बचने के लिए वित्तीय जानकारी साझा करने का दबाव बनाया जाता है।

फर्जी नोटिस में खाते पर प्रतिबंध की दी जा रही धमकी

PIB फैक्ट चेक ने बताया कि धोखेबाज RBI के नाम का दुरुपयोग कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। वायरल संदेश में कथित तौर पर “रिस्क कंट्रोल उपायों” और “असामान्य वित्तीय गतिविधियों” का हवाला देते हुए दावा किया जाता है कि यदि तीन कार्य दिवसों के भीतर आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई तो संबंधित बैंक खाते पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। PIB ने इस दावे को पूरी तरह झूठा बताते हुए कहा कि RBI इस प्रकार के संदेश या APK फाइल भेजकर कभी भी ग्राहकों से व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी नहीं मांगता। लोगों से ऐसे संदेशों को तुरंत नजरअंदाज करने और किसी भी अनजान फाइल को डाउनलोड न करने की अपील की गई है।

केवल दो सत्यापित व्हाट्सएप नंबरों से ही संपर्क करता है RBI

PIB फैक्ट चेक ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही अज्ञात APK फाइल डाउनलोड करें। इकाई ने स्पष्ट किया कि RBI व्हाट्सएप पर केवल अपने दो ब्लू-टिक सत्यापित नंबरों 99309 91935 और 99990 41935 के माध्यम से ही संवाद करता है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी सूचना की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करने तथा RBI की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करने का आग्रह किया है। यह चेतावनी ऐसे समय में जारी की गई है जब साइबर ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है और ठग सरकारी संस्थाओं व वित्तीय संगठनों का नाम लेकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।