पर्यावरण संरक्षण के लिए जुटे सामाजिक संगठन और नागरिक

Image Source:(Internet)
नागपुर। खामला क्षेत्र स्थित लंदन स्ट्रीट की हरियाली बचाने के उद्देश्य से “सेव ग्रीनरी ऑफ लंदन स्ट्रीट” मंच के नेतृत्व में पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के ग्रीन बेल्ट और वर्षों पुराने पेड़ों को संरक्षित रखने को लेकर गंभीर चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने कहा कि शहर के तेजी से हो रहे विकास के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। बैठक में आर.जे. प्रीति पटेल और शिवम हजारे (सेव ग्रीनरी), नंदू मंकार (दीपस्तंभ), नितेश चौधरी (टीआरए फाउंडेशन), नरेश क्षीरसागर (पायनियर ओरियन सोसायटी), एडवोकेट भोंगाडे, नगरसेवक ईश्वर धेंगले, नगरसेविका मायाताई हाडे, अनुसया काले और सचिन द्रावेकर सहित अनेक प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों को भेजा जाएगा निवेदन
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि लंदन स्ट्रीट के पेड़ों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों को औपचारिक निवेदन भेजा जाएगा। नागरिकों ने यह भी तय किया कि पर्यावरण के अनुकूल विकास को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इसके लिए हरियाली की बलि नहीं दी जानी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण को लेकर नीति स्तर पर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। बैठक के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे और हरियाली बचाने के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।
50 से अधिक नागरिकों ने लिया हिस्सा
बैठक में 50 से अधिक पदाधिकारी और नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का परिचय आर.जे. प्रीति पटेल ने दिया, जबकि संचालन श्रवण फरकाडे ने किया। अंत में नांदेकर ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन को सफल बनाने में जयंंत पराते, नरेश क्षीरसागर, चितेश पोपट और भूपेश नांदेकर की विशेष भूमिका रही। नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि लंदन स्ट्रीट की हरियाली केवल पेड़ों का समूह नहीं, बल्कि शहर की पर्यावरणीय पहचान है, जिसे हर हाल में संरक्षित किया जाना चाहिए।