दक्षिण अफ्रीका में फंसे क्रूज शिप पर हंटावायरस का खतरा, दो यात्रियों में एंडीज स्ट्रेन की पुष्टि

    06-May-2026
Total Views |
- स्वास्थ्य एजेंसियां अलर्ट
Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। दक्षिण अफ्रीका के स्वास्थ्य विभाग ने एक क्रूज शिप पर हंटावायरस संक्रमण के दो मामलों की पुष्टि होने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेयों को अलर्ट जारी किया है। यह जहाज फिलहाल पश्चिम अफ्रीका के केप वर्डे तट के पास फंसा हुआ है और इसमें लगभग 150 लोग सवार हैं। जांच में संक्रमित पाए गए दोनों यात्रियों में एंडीज स्ट्रेन हंटावायरस की पुष्टि हुई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार एंडीज वायरस मुख्य रूप से दक्षिण अमेरिका, खासकर अर्जेंटीना और चिली में पाया जाता है। यह वायरस बेहद दुर्लभ माना जाता है, लेकिन कुछ मामलों में संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भी फैल सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, एक साथ रहना, खाना साझा करना या बेहद करीबी संपर्क संक्रमण का कारण बन सकता है।

एक यात्री ICU में भर्ती, दूसरी महिला की मौत के बाद पुष्टि
दक्षिण अफ्रीका के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि संक्रमित यात्रियों को जहाज से निकालकर एयरलिफ्ट किया गया था, जिसके बाद जांच में वायरस की पुष्टि हुई। संक्रमितों में एक ब्रिटिश नागरिक शामिल है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे दक्षिण अफ्रीका के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी यात्री महिला की मौत हो चुकी है और उसकी मृत्यु के बाद किए गए परीक्षण में हंटावायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, जहाज पर मौजूद अन्य यात्रियों की निगरानी की जा रही है और संभावित संक्रमण को रोकने के लिए सख्त एहतियाती कदम उठाए गए हैं। इस घटना के बाद जहाज पर मौजूद सभी यात्रियों को अपने-अपने केबिन में आइसोलेट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

WHO और यूरोपीय एजेंसियों के अनुरोध पर फैसला
स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार देर रात बयान जारी कर कहा कि वह MV Hondius नामक इस क्रूज शिप को कैनरी द्वीप समूह में प्रवेश देने के लिए तैयार है। यह फैसला विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूरोपियन सेंटर फॉर डिजीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल (ECDC) के अनुरोध के बाद लिया गया। फिलहाल जहाज केप वर्डे के तट के पास रुका हुआ है और मेडिकल टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। WHO ने कहा कि संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए जहाज पर सभी यात्रियों को अलग-अलग रखा गया है। अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की रणनीति तैयार कर रही हैं।

दक्षिण अमेरिका यात्रा से लौटे व्यक्ति में संक्रमण
इसी बीच स्विट्जरलैंड में भी एंडीज स्ट्रेन हंटावायरस का एक मामला सामने आया है। स्विस फेडरल ऑफिस ऑफ पब्लिक हेल्थ के अनुसार, एक व्यक्ति दक्षिण अमेरिका की यात्रा से लौटने के बाद संक्रमित पाया गया। लक्षण दिखाई देने पर उसने डॉक्टर से संपर्क किया, जिसके बाद उसे ज्यूरिख यूनिवर्सिटी अस्पताल में भर्ती कर आइसोलेशन में रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि उसकी पत्नी में फिलहाल कोई लक्षण नहीं हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे भी सेल्फ-आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि हालांकि यह वायरस बहुत तेजी से नहीं फैलता, लेकिन समय रहते सतर्कता और निगरानी बेहद जरूरी है।