पश्चिम बंगाल की जीत के बाद महाराष्ट्र पर BJP का फोकस!

    06-May-2026
Total Views |
- SIR अभियान के जरिए ‘क्लीन वोटर लिस्ट’ की तैयारी
Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी का पूरा फोकस महाराष्ट्र पर आ गया है। लंबे समय तक बंगाल में संघर्ष करने के बावजूद BJP को पहले कभी इतनी बड़ी सफलता नहीं मिली थी, लेकिन इस बार पार्टी ने 200 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता पर कब्जा कर लिया। वहीं, पिछले 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस 100 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, BJP की इस जीत में कई फैक्टर्स अहम रहे, लेकिन चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान को सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान लाखों संदिग्ध और कथित फर्जी वोटर्स के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जिससे चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए।

महाराष्ट्र में भी लागू होगी SIR रणनीति
अब यही मॉडल महाराष्ट्र में लागू करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में मिली सफलता के बाद BJP महाराष्ट्र में भी “क्लीन स्वीप कैंपेन” के तहत SIR प्रक्रिया को बड़े स्तर पर लागू करना चाहती है। इसी उद्देश्य से बुधवार को मुंबई के दादर स्थित वसंत स्मृति कार्यालय में BJP की एक विशेष वर्कशॉप आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण सहित कई वरिष्ठ नेता और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे। वर्कशॉप में कार्यकर्ताओं और नेताओं को SIR अभियान की तकनीकी जानकारी, मतदाता सूची की जांच प्रक्रिया और बूथ स्तर पर काम करने के तरीके समझाए गए। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि पारदर्शी और अपडेटेड वोटर लिस्ट भविष्य के चुनावों में निर्णायक भूमिका निभा सकती है।

चरणबद्ध तरीके से चलेगा प्रशिक्षण अभियान
BJP ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल संगठन स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे राज्यव्यापी राजनीतिक रणनीति के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। पहले चरण में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद पंचायत समिति सदस्यों, पार्षदों और जिला परिषद प्रतिनिधियों के लिए विभागीय स्तर पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अगले चरणों में विधायकों, सांसदों और मंत्रियों को भी SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अंतिम चरण में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस स्वयं विधायकों और सांसदों को इस अभियान को लेकर मार्गदर्शन देंगे। BJP का उद्देश्य हर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और प्रशिक्षित करना है।

2029 चुनावों की तैयारी का हिस्सा
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि BJP का यह अभियान केवल मतदाता सूची तक सीमित नहीं है, बल्कि यह 2029 के लोकसभा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों की लंबी रणनीति का हिस्सा है। पार्टी पश्चिम बंगाल की तरह महाराष्ट्र में भी बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ बनाना चाहती है। SIR अभियान के जरिए BJP फर्जी वोटिंग रोकने और वास्तविक मतदाताओं तक पहुंच मजबूत करने का संदेश दे रही है। आने वाले समय में यह अभियान राज्य की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकता है, क्योंकि विपक्षी दल भी इस प्रक्रिया पर अपनी प्रतिक्रिया देने की तैयारी में हैं।