- तलाक की घोषणा के बाद मौनी ने इंस्टाग्राम पर बंद किए कमेंट्स

Image Source:(Internet)
मुंबई। टीवी और फिल्म अभिनेत्री मौनी रॉय ने अपने पति सूरज नम्बिआर से अलग होने की आधिकारिक घोषणा के बाद इंस्टाग्राम पर अपनी पोस्ट के कमेंट सेक्शन को बंद कर दिया है। यह कदम तब उठाया गया जब सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने अभिनेत्री दिशा पटानी को इस रिश्ते में आई दरार के लिए जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया। यूजर्स लगातार दिशा पाटनी को टैग कर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे थे, जिसके बाद मौनी ने अपनी हालिया पोस्ट पर कमेंट्स डिसेबल कर दिए। हाल के दिनों में दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चाएं चल रही थीं और अब कपल ने संयुक्त बयान जारी कर अलग होने की पुष्टि कर दी है।
संयुक्त बयान में गोपनीयता बनाए रखने की अपील
मौनी ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए पोस्ट में मीडिया और लोगों से उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि उनके और सूरज के बारे में किसी भी तरह की झूठी कहानी न फैलाई जाए और इस कठिन समय में उन्हें गोपनीयता दी जाए। पोस्ट के साथ साझा किए गए संयुक्त बयान में दोनों ने कहा कि उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है और वे इस प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से निजी तौर पर संभालना चाहते हैं। बयान में यह भी कहा गया कि उनके रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काल्पनिक कहानियां और गलत बातें फैलाई जा रही हैं, जो वास्तविकता से पूरी तरह अलग हैं। दोनों ने स्पष्ट किया कि बदलती व्यक्तिगत प्राथमिकताओं और सोच-विचार के बाद उन्होंने अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का निर्णय लिया है।
दुबई में हुई थी पहली मुलाकात
मौनी और सूरज की पहली मुलाकात वर्ष 2018 में दुबई में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान हुई थी। दोनों की मुलाकात कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। उस समय सूरज दुबई में रहते थे जबकि मौनी मुंबई में काम कर रही थीं। लंबे समय तक लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने साल 2022 में गोवा में बेहद निजी समारोह में शादी की थी। शादी मलयाली और बंगाली दोनों परंपराओं के अनुसार संपन्न हुई थी और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं। दोनों को इंडस्ट्री के चर्चित कपल्स में गिना जाता था।
सोशल मीडिया गतिविधियों से बढ़ी थीं अफवाहें
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते में तनाव की खबरें लगातार सामने आ रही थीं। यूजर्स ने नोटिस किया था कि मौनी और सूरज ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है और कई शादी की तस्वीरें भी प्रोफाइल से हटा दी गई हैं। इसके बाद उनके अलगाव की अटकलें और तेज हो गई थीं। हालांकि अब दोनों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे सम्मान और समझदारी के साथ अपने रिश्ते को खत्म कर रहे हैं। बयान में दोनों ने यह भी कहा कि आने वाले समय में वे अपनी दोस्ती को बनाए रखने की कोशिश करेंगे और लोगों से उनके फैसले का सम्मान करने की अपील की है।