- 206 फीट ऊंची संरचना बनेगी श्रद्धा और तकनीक का संगम
- अमित शाह की उपस्थिति में कोराडी में आयोजित हो सकता है भव्य समारोह
नागपुर। कोराडी स्थित श्री महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान परिसर में निर्मित मध्य भारत की सबसे ऊंची हनुमान प्रतिमा का लोकार्पण जून महीने में होने की संभावना है। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि इस भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति प्रस्तावित है। कोराडी को मध्य भारत के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों में माना जाता है और यहां विकसित हो रही यह विशाल प्रतिमा धार्मिक पर्यटन का नया आकर्षण बनने जा रही है। मंत्री बावनकुले ने कहा कि इस पूरे परिसर को केवल धार्मिक स्थल के रूप में नहीं, बल्कि पर्यटन, सांस्कृतिक गतिविधियों और कौशल विकास केंद्र के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में नागपुर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट और नागपुर मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी का सहयोग लिया जा रहा है।
7D हनुमान चालीसा प्रोजेक्शन देगा विशेष आध्यात्मिक अनुभवपरियोजना के तहत बनाई गई हनुमान प्रतिमा की कुल ऊंचाई नींव सहित 206 फीट है, जबकि प्रतिमा स्वयं 162 फीट ऊंची है। इसके साथ 74 फीट लंबी गदा भी स्थापित की गई है, जो इस भव्य संरचना को और आकर्षक बनाती है। मंदिर परिसर में “7D हनुमान चालीसा प्रोजेक्शन” की विशेष व्यवस्था की जा रही है, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान हनुमान के जीवन, आदर्शों और पराक्रम का आधुनिक तकनीक से जुड़ा आध्यात्मिक अनुभव मिलेगा। प्रतिमा के नीचे भगवान हनुमान के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक प्रस्तुति और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास है।
रामायण सांस्कृतिक केंद्र से स्किल यूनिवर्सिटी तक कई परियोजनाएं प्रस्तावितबावनकुले ने बताया कि इस विस्तृत धार्मिक और पर्यटन विकास परियोजना में प्राचीन जगदंबा मंदिर, रामायण सांस्कृतिक केंद्र, भारत माता मंडपम, पावर जनरेशन प्रेजेंटेशन सेंटर, एडवेंचर पार्क, किड्स जोन, बोटिंग प्रोजेक्ट
और एक विशेष स्किल यूनिवर्सिटी शामिल है। परिसर में 500 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, 800 विद्यार्थियों के लिए किफायती शिक्षा व्यवस्था, तीन लाख पुस्तकों वाली ई-लाइब्रेरी और स्वास्थ्य सेवाओं की भी योजना बनाई गई
है। महाराष्ट्र सरकार ने इस संपूर्ण परियोजना के लिए ₹214.94 करोड़ की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है। बावनकुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार का परियोजना के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। परिसर में बड़े पैमाने पर लैंडस्केपिंग और बटरफ्लाई गार्डन विकसित करने की भी योजना है।