स्वावलंबी नगर मैदान में बढ़ी अव्यवस्था! मंदिर की सीढ़ियों पर मिली शराब की बोतलें

    13-May-2026
Total Views |

नागपुर। प्रभाग 37 स्थित स्वावलंबी नगर मैदान इन दिनों अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बच्चों के खेलने और परिवारों के मनोरंजन के लिए बनाए गए इस सार्वजनिक मैदान में देर रात तक शराब पार्टियां चल रही हैं। रहवासियों के अनुसार मैदान परिसर में स्थित मारुति (हनुमान) मंदिर की सीढ़ियों पर हाल ही में शराब की बोतलें मिलने से लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। नागरिकों का कहना है कि यह मैदान अब परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए असुरक्षित बनता जा रहा है। सुबह टहलने आने वाले लोग, योग करने वाले नागरिक और बच्चों के साथ आने वाले परिवार गंदगी और असामाजिक तत्वों कीगतिविधियों से परेशान हैं।

बच्चों के स्केटिंग ग्राउंड पर रातभर जमता है जमावड़ा
रहवासियों के मुताबिक मैदान में बने बच्चों के स्केटिंग क्षेत्र और बैठने की बेंचों पर रात के समय शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। सुबह मैदान में टूटी हुई शराब की बोतलें, तंबाकू के पाउच, प्लास्टिक कप, खाने-पीने का कचरा और सॉफ्ट ड्रिंक के डिब्बे बिखरे दिखाई देते हैं। नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि मैदान की दीवारों के पास खुलेआम पेशाब किया जाता है, जिससे दुर्गंध और अस्वच्छता का माहौल बना रहता है। कुछ लोगों ने यहां अश्लील गतिविधियों की शिकायत भी की है। स्थानीय महिलाओं और परिवारों का कहना है कि इस कारण शाम के बाद मैदान में जाना मुश्किल हो गया है।

वर्षों से शिकायतें, फिर भी नहीं हुआ स्थायी समाधान
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस संबंध में कई बार पुलिस और मनपा प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई केवल अस्थायी स्तर पर ही दिखाई देती है। रहवासियों के अनुसार पहले यह मैदान जीवन छाया सोसायटी द्वारा संभाला जाता था, जबकि वर्तमान में इसके रखरखाव की जिम्मेदारी कथित तौर पर नागपुर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट (NIT) के पास है। लोगों का आरोप है कि मैदान में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, नियमित निगरानी और साफ-सफाई का अभाव है, जिसके चलते असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मैदान में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड और नियमित पुलिस गश्त की मांग करते हुए जल्द ठोस कार्रवाई करने की अपील की है।