- आदिवासी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 24 वर्षों की सेवा को मिला सम्मान

Image Source:(Internet)
चंद्रपुर। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की वरिष्ठ नर्स उज्जवला महादेव सोयम को देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस 2026 के अवसर पर मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। उज्वला सोयम उन 15 नर्सिंग पेशेवरों में शामिल रहीं, जिन्हें देशभर से उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं और समर्पण के लिए चुना गया। वर्तमान में वह शासकीय सामान्य अस्पताल, चंद्रपुर में कार्यरत हैं और पिछले 24 वर्षों से महाराष्ट्र के दूरस्थ आदिवासी तथा नक्सल प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं।
महिला भ्रूण हत्या रोकने और मातृ-शिशु स्वास्थ्य में निभाई अहम भूमिका उज्जवला ने महिला भ्रूण हत्या रोकने, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं वाले संवेदनशील और दुर्गम इलाकों में उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों तक आवश्यक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का कार्य किया। उनके प्रयासों से कई गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर हुई है। समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री Jagat Prakash Nadda, स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव और स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव भी उपस्थित थे। यह पुरस्कार हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर नर्सिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को प्रदान किया जाता है। इस वर्ष पुरस्कार की थीम “Our Nurses, Our Future” रखी गई थी।