अमूल और मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, 14 मई से उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बोझ

    13-May-2026
Total Views |
- उत्पादन लागत बढ़ने के चलते लिया गया फैसला

Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। देशभर में दूध उपभोक्ताओं को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। Gujarat Cooperative Milk Marketing Federation, जो Amul ब्रांड के तहत दूध और डेयरी उत्पादों का विपणन करती है, ने ताजा पाउच दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरें 14 मई से लागू होंगी। फेडरेशन के अनुसार यह वृद्धि अमूल दूध के सभी प्रमुख वेरिएंट और पैक पर लागू होगी। कंपनी ने बताया कि मई 2025 के बाद से दूध की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी। अब उत्पादन और संचालन लागत में लगातार वृद्धि के कारण यह फैसला लेना पड़ा है। संस्था के मुताबिक पशु आहार, दूध पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की लागत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर डेयरी उद्योग पर पड़ा है।

किसानों को अधिक भुगतान देने का दावा
GCMMF ने कहा कि सदस्य यूनियनों ने किसानों को दिए जाने वाले खरीद मूल्य में भी प्रति किलो फैट पर 30 रुपये की बढ़ोतरी की है, जो मई 2025 की तुलना में लगभग 3.7 प्रतिशत अधिक है। संस्था का कहना है कि उपभोक्ताओं से प्राप्त प्रत्येक एक रुपये में से लगभग 80 पैसे दूध उत्पादकों तक पहुंचाए जाते हैं। ऐसे में कीमतों में संशोधन से किसानों को उचित मूल्य मिल सकेगा और वे अधिक उत्पादन के लिए प्रोत्साहित होंगे। फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि डेयरी क्षेत्र में बढ़ती लागत के बावजूद किसानों के हितों की रक्षा करना उसकी प्राथमिकता है। कंपनी का मानना है कि दूध उत्पादन को स्थिर बनाए रखने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह कदम आवश्यक है।

मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम

इसी बीच Mother Dairy ने भी अपने तरल दूध उत्पादों की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की घोषणा की है। कंपनी की नई दरें भी 14 मई से लागू होंगी। मदर डेयरी ने कहा कि पिछले एक वर्ष में किसानों से दूध खरीद की लागत में लगभग 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिसके कारण यह निर्णय लिया गया। कंपनी के अनुसार यह वृद्धि केवल बढ़ी हुई लागत का आंशिक भार उपभोक्ताओं पर डालने के उद्देश्य से की गई है, ताकि किसानों के हित और उपभोक्ताओं की सुविधा के बीच संतुलन बना रहे। मदर डेयरी ने यह भी बताया कि उसके कुल राजस्व का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों और दूध खरीद पर खर्च किया जाता है।

दिल्ली-एनसीआर में नई कीमतें लागू
नई दरों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी का टोकन दूध अब 58 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जो पहले 56 रुपये था। फुल क्रीम दूध 70 रुपये से बढ़कर 72 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इसी तरह टोंड दूध की कीमत 58 से बढ़कर 60 रुपये, डबल टोंड दूध 52 से बढ़कर 54 रुपये और गाय के दूध की कीमत 60 से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गई है। कंपनी का ‘प्रो मिल्क’ भी अब 72 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। उल्लेखनीय है कि मदर डेयरी ने पिछली बार अप्रैल 2025 में दूध के दाम बढ़ाए थे। अब अमूल और मदर डेयरी दोनों की ओर से एक साथ कीमतें बढ़ाए जाने से आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर असर पड़ने की संभावना है।