विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग

नागपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) नागपुर महानगर की ओर से नीट-यूजी 2026 परीक्षा में सामने आए कथित पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं तथा परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में बुधवार को संविधान चौक पर जोरदार आंदोलन किया गया। आंदोलन में अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री पायल किनाके प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आंदोलन में भाग लेकर परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने की मांग उठाई। अभाविप ने कहा कि यह आंदोलन विद्यार्थियों के हितों की रक्षा तथा शासकीय व्यवस्था को जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट : अभाविपअभाविप ने अपने वक्तव्य में कहा कि देशभर के लाखों विद्यार्थी वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताएं उनके भविष्य के साथ गंभीर अन्याय हैं। परिषद ने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही हैं। संगठन ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराई जाए तथा इसमें शामिल शिक्षा माफियाओं, दोषियों और सहयोगियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता बताई गई।
“
विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ राष्ट्रद्रोह के समान”इस अवसर पर पायल किनाके ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थी कठिन परिश्रम करके नीट जैसी परीक्षाओं में सहभागी होते हैं, लेकिन एनटीए द्वारा बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियां विद्यार्थियों के मनोबल और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डाल रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सैनिक राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार विद्यार्थी देश का भविष्य संभालते हैं। इसलिए विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना राष्ट्रद्रोह के समान माना जाना चाहिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली को तकनीकी रूप से अधिक सुरक्षित बनाने की मांग की। अभाविप ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थी हित, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और न्याय सुनिश्चित करने के लिए उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।