गोकुलपेठ में आधी रात छापा, कैफे में अवैध हुक्का सप्लाई का भंडाफोड़

    09-Apr-2026
Total Views |
- पुलिस की गुप्त सूचना पर कार्रवाई
Image Source:(Internet)

नागपुर। गोकुलपेठ इलाके में आधी रात को पुलिस ने एक कैफे पर छापा मारकर अवैध हुक्का सेवा चलाने का भंडाफोड़ किया। जानकारी के अनुसार, अंबाझरी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कॉफी हाउस स्क्वायर के पास स्थित एक कैफे में नियमों के विरुद्ध तंबाकू युक्त फ्लेवर के साथ हुक्का परोसा जा रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। छापे के दौरान कैफे में ग्राहकों को हुक्का उपलब्ध कराया जा रहा था, जो कि मौजूदा नियमों के तहत प्रतिबंधित है।

मौके से हुक्का सामग्री जब्त
पुलिस को जांच के दौरान कैफे में हुक्का सर्व करने की पूरी व्यवस्था मिली। यहां से हुक्का पॉट्स, पाइप, फिल्टर, कांच के कंटेनर सहित विभिन्न प्रकार के तंबाकू युक्त फ्लेवर जैसे ऑरेंज आदि बरामद किए गए। इसके अलावा ट्रे और स्टोरेज से जुड़ी अन्य सामग्री भी जब्त की गई। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 9,370 रूपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की और अवैध गतिविधियों के सबूत जुटाए।

चार लोगों पर मामला दर्ज, जांच जारी
इस मामले में पुलिस ने कैफे संचालक रितेश देवधर के साथ-साथ सार्थक बाबाराव पाखले और दो ग्राहकों तुषार किसान घाडगे व पीयूष के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।