
Image Source:(Internet)
नागपुर। शहर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक 47 वर्षीय व्यक्ति को फर्जी ऑनलाइन टिकटॉक फ्रेंचाइजी के नाम पर 25 लाख रुपये से अधिक का चूना लगाया गया। पीड़ित कार्तिक वेलराज चेट्टियार, जो साई श्रद्धा नगर, गोधनी के बार्डे लेआउट के निवासी हैं और एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। साइबर पुलिस के अनुसार, 30 जनवरी की रात करीब 8 बजे उन्हें व्हाट्सएप पर ‘अदिति त्रिवेदी’ नामक महिला का संदेश मिला, जिसने खुद को हांगकांग से टिकटॉक ऑनलाइन स्टोर संचालक बताया और फ्रेंचाइजी का ऑफर दिया।
पैसे निकालने पर मांगी और रकम
महिला ने कार्तिक को उत्पादों की तस्वीरें भेजकर मुनाफे का लालच दिया और 19 फरवरी को एक कथित टिकटॉक शॉप लिंक साझा कर अकाउंट बनवाया। इसके बाद निर्देशानुसार उन्होंने अलग-अलग खातों में कुल 25,39,000 रुपये ट्रांसफर किए। ऑनलाइन डैशबोर्ड पर मुनाफा दिखने से उन्हें भरोसा हुआ, लेकिन जब पैसे निकालने की कोशिश की गई तो और रकम जमा करने को कहा गया। संदेह होने पर उन्होंने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।