दोसर भवन के पास संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप, 58 डेटोनेटर और जिलेटिन स्टिक बरामद

    07-Apr-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नागपुर : शहर के दोसर भवन के पास उस समय तनाव का माहौल बन गया जब एक संदिग्ध बैग में जिलेटिन स्टिक और 58 डेटोनेटर बरामद किए गए। जानकारी के अनुसार, यह बैग उज्ज्वल लांजेवार के परिसर में पाया गया, जो जी.एस. कॉलेज के पूर्व निदेशक बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त रविंदर सिंगल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी।

जांच जारी, पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर बरामद सामग्री की जांच शुरू की। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और नागरिकों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की गई है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद सामग्री निर्माण कार्य या औद्योगिक उपयोग के लिए थी या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौके से कोई बम बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।