
नागपुर: शहर को झकझोर देने वाले 14 वर्षीय अथर्व नानोरे हत्याकांड का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान अगवा किए गए इस स्कूली छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मुख्य साजिशकर्ता पीड़ित परिवार का ही एक नाबालिग पड़ोसी है, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई।
आइसक्रीम के बहाने रची गई साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पैसों के लालच में इस पूरी वारदात की साजिश रची थी। अथर्व के पिता सब्जी के थोक व्यापारी हैं और उनके पास नकदी होने की जानकारी आरोपियों को थी। घटना से तीन दिन पहले ही किडनैपिंग की योजना बनाई गई। तय योजना के तहत जयराम यादव ने अथर्व को आइसक्रीम का लालच देकर घर से बाहर बुलाया। इसके बाद उसे एक टाटा एस वाहन के पास ले जाया गया, जहां अन्य आरोपी पहले से मौजूद थे। तीनों ने मिलकर अथर्व को जबरन वाहन में बैठाया और उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह शोर न मचा सके।
हत्या के बाद शव को फेंका
अपहरण के बाद आरोपी अथर्व को गोरवाड़ा की ओर ले गए, लेकिन रास्ते में शोर-शराबे और पकड़े जाने के डर से उन्होंने कपड़े से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में शव को बोरे में भरकर कलमेश्वर क्षेत्र के भरतवाड़ा इलाके में सड़क किनारे फेंक दिया गया। घटना के बाद आरोपी सामान्य जीवन जीते रहे, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ। जांच के दौरान पुलिस को CCTV फुटेज से अहम सुराग मिले, जिसमें अथर्व को आखिरी बार आइसक्रीम पार्लर के पास देखा गया था। मौके से मिले बैग के ट्रेडमार्क ने भी आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लाश मिलने से मचा हड़कंप
गुरुवार को गिट्टी खदान इलाके से लापता हुए अथर्व की तलाश लगातार जारी थी। परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को भरतवाड़ा इलाके में कोराडी-फेटरी बाईपास के पास एक बोरवेल में अथर्व का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की हालत बेहद खराब थी और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल भेजा गया। इस दर्दनाक घटना से जहां पूरे शहर में आक्रोश का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी गहन जांच जारी है और जल्द ही इस हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।