पश्चिम बंगाल चुनाव में नया मोड़! AIMIM ने तोड़ा गठबंधन, अब अकेले मैदान में

    10-Apr-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने बड़ा फैसला लेते हुए हुमायूं कबीर की जनता उन्नयन पार्टी के साथ अपना गठबंधन समाप्त कर दिया है। पार्टी ने अब राज्य में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है। AIMIM नेताओं के अनुसार यह निर्णय हुमायूं कबीर के विवादित बयानों के कारण लिया गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पार्टी ने स्पष्ट किया कि ऐसे बयान मुस्लिम समुदाय की छवि पर संदेह पैदा करते हैं, जिससे दूरी बनाना जरूरी हो गया। पार्टी ने यह भी कहा कि लंबे समय से चली आ रही तथाकथित सेक्युलर सरकारों के बावजूद बंगाल में मुस्लिम समुदाय आज भी पिछड़ा और उपेक्षित है, इसलिए अब स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ना ही बेहतर विकल्प है।

1000 करोड़ रूपये, वीडियो विवाद और प्रतिक्रियाएं
राजनीतिक माहौल को और गरमाते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने हाल ही में एक वीडियो जारी किया, जिसमें दावा किया गया कि हुमायूं कबीर भाजपा से 1000 करोड़ रूपये लेकर अल्पसंख्यक वोटों को प्रभावित करने की बात कर रहे हैं। हालांकि, कबीर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री इतने कमजोर हैं कि वे उन्हें इतनी बड़ी रकम की पेशकश करेंगे। वहीं भाजपा के नेता सुकांत मजूमदार ने भी इस पूरे मामले से पार्टी का कोई संबंध होने से इनकार किया और कहा कि हुमायूं कबीर भाजपा के लिए कोई बड़ी चुनौती नहीं हैं।

हुमायूं कबीर कौन और चुनाव कार्यक्रम
हुमायूं कबीर पहले तृणमूल कांग्रेस के नेता रह चुके हैं, लेकिन पिछले साल 4 दिसंबर को उन्हें कथित तौर पर सांप्रदायिक राजनीति के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी का गठन किया। मुर्शिदाबाद में ‘बाबरी मस्जिद’ नाम से मस्जिद की आधारशिला रखने के कारण भी वे चर्चा में रहे। वहीं, पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई 2026 को की जाएगी।