Image Source:(Internet)
नागपुर।
महाराष्ट्र में प्रशासनिक स्तर पर तबादलों का सिलसिला लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार के बाद गुरुवार को भी एक वरिष्ठ IAS अधिकारी का ट्रांसफर किया गया, जिससे राज्य के प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। नागपुर के जिलाधिकारी डॉ विपिन इटनकर (Dr Vipin Itankar) को नागपुर मनपा का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। सूत्रों के अनुसार यह तबादले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देशों के बाद किए गए हैं। लगातार हो रहे इन फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था में नई जिम्मेदारियों और परियोजनाओं को गति देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। इससे कई महत्वपूर्ण विभागों और परियोजनाओं में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा रही है।
डॉ. इटनकर के पास रहेगा अतिरिक्त प्रभार
नागपुर में फिलहाल जिला कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार डॉ. इटनकर के पास ही रहेगा। उन्होंने अगस्त 2022 में नागपुर के जिला कलेक्टर के रूप में पदभार संभाला था। वर्तमान में यह स्पष्ट नहीं है कि आने वाले दिनों में नागपुर के लिए नए जिला कलेक्टर की नियुक्ति की जाएगी या नहीं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि राज्य सरकार जल्द ही इस पद को लेकर निर्णय ले सकती है। तब तक डॉ. इटनकर ही अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
दो वरिष्ठ अधिकारियों का हुआ था ट्रांसफर
इससे पहले बुधवार को भी दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले किए गए थे। PMRD में कार्यरत योगेश म्हसे का ट्रांसफर मुंबई में माइनॉरिटी डेवलपमेंट विभाग में किया गया है। वहीं नागपुर मनपा के आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी का भी तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMRDA) का मेट्रोपॉलिटन कमिश्नर नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी में चौधरी पुणे जिले में पुरंदर एयरपोर्ट, किसानों की जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया और रिंग रोड जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की देखरेख करेंगे।