प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल! डॉ. अभिजीत चौधरी बने PMRDA के नए कमिश्नर

    04-Mar-2026
Total Views |
अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे कलेक्टर डॉ. विपिन इटनकर
नागपुर से पुणे तक जिम्मेदारी का विस्तार
नागपुर में प्रशासनिक नेतृत्व का नया अध्याय

Dr Abhijeet ChaudhariImage Source:(Internet) 
नागपुर।
नागपुर महानगरपालिका चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए नागपुर के कमिश्नर डॉ. अभिजीत चौधरी (Dr Abhijeet Chaudhari) का ट्रांसफर कर दिया है। उन्हें अब पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMRDA) का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। 2011 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. चौधरी वर्ष 2023 से नागपुर मनपा के कमिश्नर के रूप में कार्यरत थे और करीब तीन वर्षों तक उन्होंने शहर के प्रशासनिक नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली। उनके कार्यकाल के दौरान नागपुर में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिए गए और शहर के विकास कार्यों को गति देने के प्रयास किए गए।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और ट्रांसपोर्ट पर रहा विशेष फोकस
डॉ. चौधरी के कार्यकाल में शहर के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को बेहतर बनाने, विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने और विकास योजनाओं को लागू करने की दिशा में कई पहलें की गईं। विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर परियोजनाओं की गति बढ़ाने का प्रयास भी उनके प्रशासन की प्रमुख विशेषता रहा। हालांकि, शहर में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर समय-समय पर आलोचनाएं भी सामने आईं। अब उनके स्थान पर डॉ. विपिन इटनकर को नागपुर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि नए कमिश्नर की नियुक्ति तक मनपा के प्रशासनिक कार्य नागपुर जिला कलेक्टर के पास अतिरिक्त जिम्मेदारी के रूप में रहेंगे।