कुंभ मेले से चर्चा में आई मोनालिसा भोंसले ने की फरमान खान से शादी, पिता ने लगाए ‘लव जिहाद’ के आरोप

    16-Mar-2026
Total Views |
- केरल के मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से हुई शादी
Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। माहेश्वर की रहने वाली 18 वर्षीय मोनालिसा भोंसले एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। कुंभ मेला के दौरान चर्चा में आई मोनालिसा ने बुधवार को फरमान खान से शादी कर ली। यह विवाह नैनार टेम्पल में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। जानकारी के अनुसार मोनालिसा पारधी समुदाय से ताल्लुक रखती हैं और कुंभ मेले के दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वे सुर्खियों में आई थीं। शादी समारोह में स्थानीय नेताओं और कुछ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी भी बताई जा रही है। इस विवाह के बाद मामला पारिवारिक विवाद का रूप ले चुका है और यह मुद्दा अब सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गया है।

पिता ने लगाए ‘लव जिहाद’ के आरोप
मोनालिसा के पिता ने इस विवाह को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी बेटी को धोखे में रखकर शादी करवाई गई है और इसे उन्होंने “लव जिहाद” का मामला बताया। उन्होंने मोहन यादव से हस्तक्षेप की अपील करते हुए कहा कि उनकी बेटी को सुरक्षित मध्यप्रदेश वापस लाया जाए। पिता के अनुसार कुंभ मेले के बाद मोनालिसा को देशभर में पहचान मिली थी और वह फिल्म इंडस्ट्री में भी अवसर तलाश रही थीं। उनका कहना है कि हाल ही में मोनालिसा को दो फिल्मों में काम करने के प्रस्ताव भी मिले थे और वह अभिनय तथा नृत्य का प्रशिक्षण ले रही थीं। पिता का आरोप है कि इसी दौरान उन्हें फारमान खान के जरिए भ्रमित कर शादी के लिए तैयार किया गया।

मोनालिसा ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं मोनालिसा ने अपने पिता के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी मर्जी से यह शादी की है और विवाह पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ है। मोनालिसा ने कहा कि शुरुआत में फरमान खान इस विवाह को लेकर तैयार नहीं थे, लेकिन उन्होंने खुद उन्हें समझाकर शादी के लिए राजी किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता उन पर अपने रिश्ते के भाई से शादी करने का दबाव बना रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया। इसी वजह से परिवार में तनाव बढ़ गया था और अंततः उन्होंने अपनी पसंद से विवाह करने का फैसला किया।