धुरंधर 2’ की एडवांस बुकिंग में धमाका, रिलीज से पहले ही मचा बॉक्स ऑफिस पर तूफान

    16-Mar-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ (धुरंधर 2) 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हलचल मचा दी है। निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म के पहले पार्ट ने दिसंबर 2025 में रिलीज होने के बाद कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे और साल की सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म बनकर उभरी थी। यही वजह है कि इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के पेड प्रीव्यू को ऐतिहासिक रिस्पॉन्स मिला है और अब रिलीज के पहले दिन की एडवांस बुकिंग भी तेज़ी से बढ़ रही है। देशभर में फिल्म के शो की संख्या भी तेजी से बढ़ाई जा रही है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि रिलीज के साथ ही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा तूफान ला सकती है।

पहले दिन की एडवांस बुकिंग में 14.62 करोड़ की कमाई
नेशनल सिनेमा चेन पीवीआर, आईनॉक्स और सिनेपोलिस में टिकटों की जबरदस्त बिक्री के चलते फिल्म की एडवांस बुकिंग तेजी से बढ़ रही है। शुरुआती दिन में जहां शो की संख्या लगभग 11,200 थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 13,400 तक पहुंच गई है और रिलीज तक इसके 15,000 के पार जाने की संभावना जताई जा रही है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार सोमवार सुबह 11 बजे तक फिल्म ने पूरे देश में ओपनिंग डे के लिए 3.12 लाख से ज्यादा टिकट बेच दिए हैं। इससे फिल्म ने रिलीज से पहले ही करीब 14.62 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली है। अभी रिलीज में तीन दिन बाकी हैं, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यह आंकड़ा 30 करोड़ रुपये के करीब पहुंच सकता है। हालांकि फिल्म का लगभग चार घंटे का लंबा रनटाइम शो की कुल संख्या को थोड़ा प्रभावित कर सकता है।

‘बॉर्डर 2’ को पछाड़ा, अब टॉप 5 रिकॉर्ड पर नजर

एडवांस बुकिंग के मामले में फिल्म ने 2026 की बड़ी फिल्मों में शामिल ‘बॉर्डर 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसकी पहले दिन की प्री-सेल लगभग 12.5 करोड़ रुपये थी। फिलहाल 2026 में सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग का रिकॉर्ड प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब’ के नाम है, जिसकी पहले दिन की प्री-सेल 15.31 करोड़ रुपये रही थी और ‘धुरंधर 2’ इस आंकड़े को पार करने के बेहद करीब पहुंच चुकी है। एडवांस बुकिंग में सबसे ज्यादा टिकट हिंदी वर्जन के बिके हैं, जिनकी संख्या लगभग 2.9 लाख है। इसके बाद तेलुगू डब वर्जन में करीब 14 हजार और तमिल वर्जन में 7.8 हजार से ज्यादा टिकट बिके हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या यह फिल्म हिंदी एडवांस बुकिंग के टॉप-5 रिकॉर्ड में शामिल होकर ‘एनिमल’, ‘जवान’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ पाएगी।