- अंबेथन चौक के पास देर रात हुआ दर्दनाक हादसा

Image Source:(Internet)
पुणे। पुणे जिले के चाकन शहर से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। अंबेथन चौक इलाके में देर रात आवारा कुत्तों के झुंड ने एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृत महिला की पहचान शोभा विजय वाघमारे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नांदेड़ जिले के डेगलूर की रहने वाली थीं और फिलहाल चाकन क्षेत्र में रह रही थीं। जानकारी के अनुसार 16 मार्च की सुबह करीब दो बजे वह अंबेथन चौक के पास सर्विस रोड से फ्लाईओवर के नीचे से गुजर रही थीं। इसी दौरान करीब छह आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। CCTV फुटेज में यह पूरी घटना कैद हो गई है, जिसमें महिला खुद को बचाने के लिए पत्थर उठाकर कुत्तों को भगाने की कोशिश करती दिखाई दे रही हैं। हालांकि कुत्तों के आक्रामक झुंड के सामने वह ज्यादा देर तक टिक नहीं सकीं।
गंभीर जख्मों के कारण 15 मिनट में हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार कुत्तों ने महिला के हाथ, पैर, मुंह और गर्दन पर बुरी तरह से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। लगातार हमले और अधिक खून बहने के कारण करीब पंद्रह मिनट के भीतर ही उनकी मौके पर मौत हो गई। सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क के पास एक महिला की बिना कपड़ों के लाश देखी तो इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआत में लोगों को शक हुआ कि यह हत्या या किसी तरह की यातना का मामला हो सकता है। लेकिन पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। फुटेज में साफ दिखा कि महिला पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला किया था, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हुई।
महाराष्ट्र में बढ़ रहे आवारा कुत्तों के हमले, लोगों में डर
इस घटना के बाद चाकन इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए। पहले जहां कुत्तों के हमले देर रात या सुबह टहलने निकलने वाले लोगों तक सीमित थे, वहीं अब दिन में भी बच्चों और बुजुर्गों पर हमलों की घटनाएं सामने आने लगी हैं। केवल चाकन ही नहीं बल्कि पूरे महाराष्ट्र में आवारा कुत्तों के हमलों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने और आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।