नागपुर में एलपीजी आपूर्ति को लेकर अफवाहों से बचें: प्रशासन की अपील

    13-Mar-2026
Total Views |
- घबराने की जरूरत नहीं, आपूर्ति सामान्य

नागपुर। जिला प्रशासन ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे एलपीजी गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संघर्ष को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर जो संदेश प्रसारित हो रहे हैं, उनमें सच्चाई नहीं है। अधिकारियों के अनुसार शहर में एलपीजी सिलेंडर और खाद्यान्न की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य और स्थिर है। प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे घबराहट में आकर गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं और न ही जरूरत से ज्यादा सिलेंडर खरीदने या जमा करने की कोशिश करें। अधिकारियों ने कहा कि अनावश्यक खरीदारी और जमाखोरी से ही कृत्रिम कमी की स्थिति पैदा हो सकती है।

समस्या होने पर हेल्पलाइन पर करें शिकायत
प्रशासन ने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के बावजूद डीलर से गैस प्राप्त करने में परेशानी होती है, तो वे संबंधित तेल विपणन कंपनियों के आधिकारिक ग्राहक सेवा हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए भारत गैस के उपभोक्ता 1800-22-4344 पर संपर्क कर सकते हैं, जबकि इंडेन गैस और एचपी गैस के उपभोक्ता 1800-2333-555 पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इन हेल्पलाइन के माध्यम से उपभोक्ताओं की शिकायत औपचारिक रूप से दर्ज की जाती हैं और संबंधित एजेंसियों को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए जाते हैं।

भ्रामक जानकारी फैलाने पर कार्रवाई की चेतावनी
जिला प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि गैस की कमी या आपूर्ति बाधित होने से जुड़ी भ्रामक और गलत जानकारी सोशल मीडिया पर फैलाना कानूनन अपराध माना जाएगा। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर इस तरह की अफवाह फैलाकर लोगों में घबराहट पैदा करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।