नागपुर के बाद पिंपरी-चिंचवड में महाराष्ट्र का दूसरा सबसे अधिक प्रदूषण

    09-Nov-2026
Total Views |
- भोसरी में एक्यूआई 236 पर पहुंचा, सावता माली नगर और गवलीनगर में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब

Image Source:(Internet)

नागपुर/पुणे:
महाराष्ट्र में वायु प्रदूषण के मामले में नागपुर के बाद पिंपरी-चिंचवड़ दूसरे स्थान पर रहा। रविवार रात 9 बजे पिंपरी-चिंचवड़ का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 197 दर्ज किया गया, जबकि नागपुर में यह 217 रहा। वहीं, पुणे का एक्यूआई 161 दर्ज किया गया। पिंपरी-चिंचवड़ के औद्योगिक क्षेत्र भोसरी में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक रहा, जहां एक्यूआई 236 तक पहुंच गया। इसके अलावा सावता माली नगर में 225, गवलीनगर में 221 और थेरगांव में 215 एक्यूआई दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ शहर के कई रिहायशी इलाकों में भी वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। ये आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा संचालित SAMEER मोबाइल एप के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। यह एप विभिन्न निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के आधार पर हवा की गुणवत्ता की वास्तविक समय की जानकारी उपलब्ध कराता है।

दोपहर से ही हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ा रहा
पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में रविवार दोपहर से ही वायु गुणवत्ता खराब बनी हुई थी। शाम 4 बजे पुणे का एक्यूआई 153 और पिंपरी-चिंचवड़ का 202 दर्ज किया गया। शाम 5 बजे पुणे का एक्यूआई बढ़कर 163 हो गया। इस दौरान हडपसर में 204 और शिवाजीनगर में 194 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, पिंपरी-चिंचवड़ का एक्यूआई 200 रहा। रात 8 बजे पुणे में 160 और पिंपरी-चिंचवड़ में 197 एक्यूआई दर्ज किया गया। रात 9 बजे पुणे के निगरानी केंद्रों में शिवाजीनगर की रेवेन्यू कॉलोनी 204 एक्यूआई के साथ सबसे अधिक प्रदूषित रही। इसके बाद हडपसर में 200, धनकवड़ी में 178, लोहगांव की म्हाडा कॉलोनी में 161, कात्रज में 139, पाषाण में 134 और सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय परिसर में 113 एक्यूआई दर्ज किया गया।

कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक
पिंपरी-चिंचवड़ के अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का असर दिखाई दिया। भोसरी, सावता माली नगर, गवलीनगर और थेरगांव के अलावा भूमकर नगर में 189, ट्रांसपोर्ट नगर में 164 और वाकड में 129 एक्यूआई दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो रात 9 बजे नागपुर 217 एक्यूआई के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद पिंपरी-चिंचवड़ 197, नासिक 177, नवी मुंबई 150 और मुंबई 130 एक्यूआई के साथ दर्ज किए गए। इस तरह राज्य के प्रमुख शहरी क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता में गिरावट देखने मिली। खासकर नागपुर और पिंपरी-चिंचवड़ में प्रदूषण का स्तर अन्य बड़े शहरों की तुलना में अधिक रहा। लगातार बढ़ते आंकड़े शहरी वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं।

बारिश नहीं होने से वातावरण में बने हुए हैं प्रदूषक कण

पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में प्रदूषण बढ़ने के पीछे शुष्क मौसम भी एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। पिछले कुछ समय से बारिश नहीं होने के कारण वातावरण में मौजूद धूल और अन्य सूक्ष्म प्रदूषक कण प्राकृतिक रूप से साफ नहीं हो पा रहे हैं। बारिश के अभाव में ये कण हवा में बने रहते हैं, जिससे एक्यूआई में बढ़ोतरी होती है। पिछले साल दिवाली के दौरान दर्ज आंकड़ों से तुलना करें तो इस बार पुणे में प्रदूषण का स्तर अधिक रहा। 21 अक्टूबर 2025 को शाम 7 बजे पुणे का एक्यूआई 132 था, जो मध्यम श्रेणी में आता था। इसके मुकाबले रविवार को एक्यूआई 161 दर्ज किया गया, यानी 29 अंकों की वृद्धि हुई। हालांकि, दोनों आंकड़े अलग-अलग तारीख और समय पर दर्ज किए गए हैं, इसलिए इनकी तुलना को इसी संदर्भ में देखना जरूरी है।