फुटाला फाउंटेन का साउंड सिस्टम बनेगा दुनिया का सबसे लंबा इंस्टॉलेशन

    04-Nov-2026
Total Views |
- ऑस्कर विजेता साउंड डिजाइनर रेसुल पुकुट्टी ने किया निरीक्षण
- एक किलोमीटर के खुले परिसर में 36 स्पीकर्स से गूंजेगा संगीत

Image Source:(Internet)

नागपुर।
फुटाला म्यूजिकल फाउंटेन को आकर्षक ध्वनि अनुभव के साथ शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए ऑस्कर विजेता साउंड डिजाइनर रेसुल पुकुट्टी करीब पांच साल बाद एक बार फिर फुटेला लेकफ्रंट पहुंचे और यहां लगाए गए साउंड सिस्टम का निरीक्षण किया। करीब एक किलोमीटर के खुले परिसर में 36 स्पीकर्स के जरिए एक समान और स्पष्ट आवाज पहुंचाना इस परियोजना की सबसे बड़ी तकनीकी चुनौती है। पुकुट्टी ने इंस्टॉलेशन की मौजूदा स्थिति का जायजा लेने के साथ ही लंबे समय से हो रही देरी और शो शुरू करने से पहले जरूरी तकनीकी सुधारों पर चर्चा की। उनका प्रयास है कि दर्शक परिसर में कहीं भी बैठें या खड़े हों, उन्हें संगीत और ध्वनि का अनुभव समान रूप से मिले। इस महत्वाकांक्षी व्यवस्था को दुनिया के सबसे लंबे साउंड सिस्टम इंस्टॉलेशंस में शामिल करने की योजना है। हालांकि, फाउंटेन शो को आम लोगों के लिए शुरू करने से पहले कुछ तकनीकी समायोजन बाकी हैं।

जर्मनी के 36 स्पीकर्स से तैयार होगा ध्वनि अनुभव
फुताला फाउंटेन में जर्मनी की कंपनी डीएंडबी ऑडियोटेक्निक का साउंड सिस्टम लगाया गया है। इसमें 24 टॉप स्पीकर्स और 12 सबवूफर्स सहित कुल 36 स्पीकर्स शामिल हैं। इनके संचालन के लिए विदेश से आयातित एम्प्लीफायर्स का उपयोग किया गया है। पुकुट्टी के अनुसार, लगभग एक किलोमीटर तक फैले खुले स्थान में हर दर्शक तक एक जैसी आवाज पहुंचाना आसान नहीं है। सिनेमा हॉल में दीवारों और छत के कारण ध्वनि को नियंत्रित करने के लिए अनुकूल परिस्थितियां होती हैं, लेकिन खुले परिसर में आवाज के फैलाव, उसकी तीव्रता और गुणवत्ता को संतुलित करना चुनौतीपूर्ण होता है। इसके लिए प्रत्येक स्पीकर की स्थिति और ध्वनि स्तर का बारीकी से कैलिब्रेशन करना जरूरी है, ताकि दर्शकों को अलग-अलग स्थानों पर आवाज की तीव्रता में अंतर महसूस न हो। शेष तकनीकी सुधार पूरे होने के बाद ही फाउंटेन शो को शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।