
Image Source:(Internet)
नागपुर। मोमिनपुरा क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का मामला सामने आया। यहां पिलर लगाने के लिए खोदे गए गड्ढे में फंसकर एक ट्रक पलट गया। हैरानी की बात यह रही कि निर्माण स्थल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग की गई थी।
हादसे के दौरान ट्रक चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताते हुए इसे महज दुर्घटना नहीं, बल्कि निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही बताया। नागरिकों का सवाल है कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? लोगों ने संबंधित प्रशासन और जिम्मेदार एजेंसियों से जवाबदेही तय करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की।