- तमिलनाडु सरकार को अवमानना के नोटिस
- मंदिर ट्रस्ट का बोर्ड निलंबित; दो सेवानिवृत्त जज नियुक्त किए गए रिसीवर

Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर शनिवार (28 नवंबर) को दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप और सख्त रुख के बाद यह अनुष्ठान संपन्न हुआ। यह स्तंभ पहाड़ी पर स्थित दरगाह के पास है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को ही यहां दीप प्रज्वलित करने की अनुमति देने वाला निर्देश दिया था, लेकिन तमिलनाडु सरकार और संबंधित अधिकारियों द्वारा इसका पालन नहीं किया गया। शुक्रवार को मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पांचोली की पीठ ने सरकार के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। अदालत ने इसे प्रथम दृष्टया जानबूझकर आदेश की अवहेलना का मामला मानते हुए तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) समेत 13 अन्य अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों को अवमानना के नोटिस जारी किए।
मंदिर ट्रस्ट का बोर्ड निलंबित, दो पूर्व जज बने रिसीवर
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित कर दिया। साथ ही मद्रास हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को मंदिर प्रशासन की निगरानी के लिए रिसीवर नियुक्त किया। अदालत ने दोनों को तत्काल कार्यभार संभालने और राज्य सरकार को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया। पीठ ने स्पष्ट किया कि मंदिर प्रशासन को स्थापित धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों का सम्मान करना होगा। इसके लिए रिसीवर को मंदिर के पदाधिकारियों से परामर्श करने को भी कहा गया।
दरगाह की सुरक्षा के साथ दीप प्रज्वलन का निर्देश
अदालत ने निर्देश दिया कि यदि उचिपिल्लैयार मंडपम में दीपक जल रहा है, तो उसी की लौ से दीपथून पर पारंपरिक दीप प्रज्वलित किया जाए। पीठ ने मदुरै के जिलाधिकारी की प्रारंभिक रिपोर्ट और माफी पर भी असंतोष जताया। अदालत ने कहा कि जिलाधिकारी जिम्मेदारी मंदिर ट्रस्ट पर डालते नजर आए। साथ ही मद्रास हाईकोर्ट के दीपथून संबंधी निष्कर्षों पर लगी रोक हटा दी, जबकि दरगाह की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पहले से निर्धारित सुरक्षा उपायों को बरकरार रखा।