- निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने दूसरे पार्ट की पुष्टि की, रिलीज डेट का ऐलान होना बाकी

Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। फिल्म ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित सफलता के बाद अब दर्शकों को इसके दूसरे भाग का इंतजार है। इसी बीच फिल्म में नीम करोली बाबा की भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्य ने सीक्वल को लेकर अहम जानकारी साझा की है। अभिनेता के मुताबिक, फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने दूसरे पार्ट की योजना की पुष्टि की है। हालांकि, इसकी रिलीज डेट और अन्य जानकारियों को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। शोभिनव ने बताया कि वह खुद भी फिल्म के अगले भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भगवान हनुमान और बाबा नीम करोली के प्रति अपनी आस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस कहानी को आगे बढ़ते देखना उनके लिए भी खास होगा।
फिल्म के अंत में ही मिल गया था दूसरे पार्ट का संकेतशोभिनव सत्य ने सीक्वल की संभावना पर बात करते हुए फिल्म के आखिरी दृश्यों का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, फिल्म के अंत में दिखाया गया वाक्य ‘कथा ये शेष है’ इस बात का संकेत देता है कि कहानी अभी पूरी नहीं हुई है। अभिनेता ने कहा कि फिल्म के अंतिम हिस्से से ही आगे की कहानी की संभावना स्पष्ट हो जाती है। उन्होंने बताया, ‘‘मैं भगवान हनुमान और बाबा नीम करोली का भक्त हूं। इसलिए दूसरे भाग का इंतजार मुझे भी है। फिल्म के अंत में कहा गया था कि कथा अभी शेष है। हमारे निर्देशक ने भी इसके अगले भाग की बात कही है। यह कब आएगा, इसकी घोषणा निर्देशक और निर्माता जल्द करेंगे।’’ इस बयान के बाद फिल्म के प्रशंसकों के बीच दूसरे पार्ट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने कमाए 450 करोड़ से ज्यादानिर्देशक विशाल चतुर्वेदी की ‘हनुमान अंश’ आध्यात्मिक गुरु बाबा नीम करोली के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित है। करीब 2 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार दिखाई थी। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने लगभग 10 लाख रुपए का कारोबार किया, जबकि शुरुआती दो सप्ताह में इसका कलेक्शन करीब 1.48 करोड़ रुपए रहा। हालांकि, दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाओं और वर्ड ऑफ माउथ के चलते धीरे-धीरे फिल्म को दर्शक मिलने लगे। इसके बाद फिल्म का कथित वर्ल्डवाइड कलेक्शन 450 करोड़ रुपए के पार पहुंच गया। इस प्रदर्शन ने इसे साल की चर्चित बॉक्स ऑफिस सफलताओं में शामिल कर दिया।
कलाकारों की वापसी पर भी नजर‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में शोभिनव सत्य ने बाबा नीम करोली की मुख्य भूमिका निभाई है। इसके अलावा विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी और गुलशन पांडे अहम भूमिकाओं में नजर आए। फिल्म की सफलता और दूसरे भाग को लेकर निर्देशक की पुष्टि के बाद अब दर्शकों को इसके कलाकारों, कहानी और निर्माण से जुड़ी नई जानकारियों का इंतजार है। फिलहाल निर्माता और निर्देशक की ओर से रिलीज की तारीख, शूटिंग शेड्यूल और अन्य कलाकारों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।