परिसीमन के बाद यूपी में 120 और महाराष्ट्र में होंगी 72 लोकसभा सीटें!

    28-Nov-2026
Total Views |
- 543 से बढ़कर 816 हो सकती है लोकसभा की कुल सदस्य संख्या
- केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने साझा किया प्रस्तावित नक्शा

Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क।
देश में प्रस्तावित परिसीमन (डिलिमिटेशन) को लेकर संसद में जारी बहस और विपक्ष के विरोध के बीच केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने लोकसभा सीटों का संभावित नया नक्शा साझा किया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी इस जानकारी के अनुसार, परिसीमन के बाद लोकसभा की वर्तमान 543 सीटें बढ़कर 816 हो सकती हैं। प्रस्तावित व्यवस्था में देश के 28 राज्यों के हिस्से में कुल 789 सीटें आएंगी, जबकि 8 केंद्रशासित प्रदेशों को मिलाकर 27 सीटें प्रस्तावित हैं। हालांकि, यह अभी प्रस्तावित सीटों का विवरण है, अंतिम आवंटन नहीं।


उत्तर प्रदेश सबसे आगे
प्रस्तावित नक्शे के अनुसार, उत्तर प्रदेश 120 लोकसभा सीटों के साथ देश में सबसे अधिक सीटों वाला राज्य बना रहेगा। वर्तमान में यहां 80 लोकसभा सीटें हैं। वहीं महाराष्ट्र की सीटें 48 से बढ़कर 72 होने का प्रस्ताव है। इस तरह राज्य में 24 सीटों की बढ़ोतरी हो सकती है। दूसरी ओर, सिक्किम, मिजोरम और नगालैंड में सबसे कम दो-दो लोकसभा सीटें प्रस्तावित हैं। परिसीमन के बाद राज्यों के प्रतिनिधित्व में होने वाला यह बदलाव देश की संसदीय तस्वीर को नया स्वरूप दे सकता है।

दिल्ली में 11 सीटें
केंद्रशासित प्रदेशों में दिल्ली सबसे आगे रहेगी। यहां वर्तमान सात सीटों के मुकाबले 11 लोकसभा सीटें प्रस्तावित हैं। वहीं अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और लद्दाख में एक-एक सीट का प्रस्ताव है। परिसीमन का उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और प्रतिनिधित्व का पुनर्निर्धारण करना है। हालांकि, प्रस्तावित नक्शे को लेकर राजनीतिक बहस तेज है। विपक्ष इसके संभावित प्रभावों पर सवाल उठा रहा है। ऐसे में परिसीमन की प्रक्रिया और इसके अंतिम स्वरूप पर सभी की नजरें टिकी हैं।