- जन्मदिन की बधाई से लेकर जरूरी रिमाइंडर तक भेजना होगा आसान
- 10 मिनट से लेकर 14 दिन पहले तक शेड्यूल करने का मिलेगा विकल्प
- एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ सुरक्षित रहेंगे मैसेज
- तय समय पर अपने आप डिलीवर होंगे मैसेज

Image Source:(Internet)
नई दिल्ली। लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया और उपयोगी फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत अब यूजर्स टेक्स्ट मैसेज, फोटो और वीडियो को पहले से शेड्यूल कर सकेंगे। यानी किसी को जन्मदिन की बधाई देनी हो, जरूरी सूचना भेजनी हो या किसी खास समय पर रिमाइंडर देना हो, तो उस मैसेज को पहले ही तैयार करके डिलीवरी का समय तय किया जा सकेगा। निर्धारित समय पर मैसेज अपने आप संबंधित व्यक्ति तक पहुंच जाएगा। इस फीचर का इस्तेमाल व्यक्तिगत और ग्रुप चैट दोनों में किया जा सकेगा। यूजर्स 10 मिनट से लेकर 14 दिन पहले तक मैसेज शेड्यूल कर पाएंगे। खास बात यह है कि अलग-अलग टाइम जोन में रहने वाले लोगों से संपर्क करने और आधी रात को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए भी यह फीचर उपयोगी साबित हो सकता है।
सेंड बटन दबाकर चुन सकेंगे तारीख और समय
इस फीचर का इस्तेमाल करना भी आसान होगा। इसके लिए यूजर को सबसे पहले संबंधित WhatsApp चैट खोलनी होगी। इसके बाद मैसेज टाइप करने या फोटो-वीडियो अटैच करने के बाद सेंड बटन को कुछ देर दबाकर रखना होगा। ऐसा करने पर मैसेज भेजने की तारीख और समय चुनने का विकल्प मिलेगा। पसंदीदा समय निर्धारित करने के बाद मैसेज शेड्यूल हो जाएगा। प्राप्तकर्ता को यह मैसेज सामान्य मैसेज की तरह ही दिखाई देगा। उसे इस बात की जानकारी नहीं मिलेगी कि मैसेज पहले से शेड्यूल किया गया था। इसके अलावा यूजर्स डिलीवरी से पहले अपने शेड्यूल किए गए मैसेज देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उन्हें डिलीट भी कर सकेंगे। इस तरह गलत समय पर मैसेज भेजे जाने की आशंका भी कम होगी।
फोन बंद होने पर भी पहुंचेगा मैसेज
इस फीचर की एक खास बात यह है कि मैसेज भेजने वाले का फोन बंद होने या उसकी बैटरी खत्म होने पर भी निर्धारित समय पर मैसेज डिलीवर हो जाएगा। WhatsApp के अनुसार, शेड्यूल किए गए मैसेज में भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुविधा बरकरार रहेगी। इससे मैसेज की सामग्री निजी और सुरक्षित रहेगी। यह फीचर Android और iOS दोनों यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से वैश्विक स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। आने वाले सप्ताहों में इसका रोलआउट जारी रहने की उम्मीद है। ऐसे में जिन यूजर्स के WhatsApp में यह विकल्प तुरंत दिखाई नहीं देगा, उन्हें अपडेट मिलने तक इंतजार करना पड़ सकता है। यह सुविधा व्यक्तिगत संवाद के साथ-साथ ऑफिस के काम और ग्रुप मैनेजमेंट में भी काफी मददगार हो सकती है।