- सरकार पर तानाशाही का आरोप, डिजिटल सेंसरशिप को लेकर भी उठाए सवाल
- मेटा द्वारा 54 लाख पोस्ट हटाए जाने का दावा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर जताई चिंता

Image Source:(Internet)
नागपुर। संविधान दिवस के अवसर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका ने दीक्षाभूमि पहुंचकर भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को अभिवादन किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अभिजीत दिपके ने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सीजेपी संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारें और राजनीतिक सत्ता भले ही किसी के पक्ष में हों, लेकिन संविधान हमेशा जनता के साथ है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनकी पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।
डिजिटल सेंसरशिप के खिलाफ आवाज उठाने का ऐलान
वहीं, सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा पर कथित डिजिटल सेंसरशिप को लेकर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि जनवरी से जून 2026 के बीच मेटा ने सरकारी निर्देशों या नियामकीय अनुपालन का हवाला देते हुए 54 लाख पोस्ट हटाए हैं। रांका ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में पोस्ट हटाने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में खुले तौर पर डिजिटल सेंसरशिप की जा रही है, जिससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई के खिलाफ वे एकजुट होकर आवाज उठाएंगे और नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।