अमराई दुष्कर्म मामला : दो दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर

    26-Nov-2026
Total Views |
- सोनेगांव पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहीं
- पीड़िता के कीमती सामान ले जाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप
- सीसीटीवी फुटेज और सुरागों के आधार पर तलाश जारी

Image Source:(Internet)

नागपुर।
सोनेगांव तालाब के पास स्थित अमराई जंगल में 19 वर्षीय युवती के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में दो दिन बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। बुधवार को भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा। सोनेगांव पुलिस स्टेशन और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने के साथ उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात युवती अपने मित्र के साथ सुनसान स्थान पर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा। उसने युवक के साथ मारपीट कर उसे वहां से भगा दिया और युवती के साथ दुष्कर्म किया। डीसीपी क्राइम दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि घटना में एक ही आरोपी शामिल था, यह सामूहिक दुष्कर्म का मामला नहीं है।

वीडियो बनाकर वायरल करने की दी धमकी
पीड़िता ने मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी बनाया और युवती के कीमती सामान लेकर फरार हो गया। उसने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद अमराई जंगल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।