- रेप केस के बाद करियर पर पड़ा असर, आर्थिक संकट के बीच अभिनेता ने मांगा काम
- वॉकर के सहारे नजर आए शरद कपूर

Image Source:(Internet)
एबी न्यूज नेटवर्क। बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी सेहत और निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। ‘जोश’, ‘लक्ष्य’ और ‘एलओसी कारगिल’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले अभिनेता का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे अपने चार पालतू कुत्तों को अस्थायी रूप से मुंबई के योड़ा एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजते नजर आ रहे हैं। वीडियो में शरद वॉकर के सहारे चलते दिखाई दे रहे हैं। उनकी करीबी मित्र हेमा चौधरी ने यह वीडियो साझा किया है। कुत्तों से विदाई के दौरान अभिनेता काफी भावुक नजर आए। इस वीडियो के सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों ने उनकी सेहत और मौजूदा परिस्थितियों को लेकर चिंता जताई। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य लाभ और उपचार पर ध्यान देने के लिए उन्होंने कुछ समय के लिए अपने पालतू कुत्तों को सेंटर में रखने का निर्णय लिया है।
बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते समय लगी गंभीर चोट
शरद कपूर ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में बताते हुए कहा कि उन्हें बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते समय पैर में गंभीर चोट लगी थी। अभिनेता के अनुसार, वे कुछ कुशल फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ खेल रहे थे और जोश में खुद को लियोनेल मेसी समझने लगे थे। इसी दौरान दूसरे खिलाड़ी के हल्के से टच के कारण उन्हें गंभीर चोट लग गई। फिलहाल उनका इलाज डॉ. आनंद की देखरेख में चल रहा है। अभिनेता ने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार अगले दो महीनों में उनके पूरी तरह ठीक होने की उम्मीद है। वायरल वीडियो में वॉकर के सहारे चलते दिखाई देने के बाद उनकी शारीरिक परेशानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, अभिनेता ने अपनी रिकवरी को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई है।
जनवरी से फिर कैमरे के सामने आने की तैयारी
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बीच शरद कपूर ने अब दोबारा अभिनय की दुनिया में लौटने की इच्छा जताई है। अभिनेत्री जया भट्टाचार्य द्वारा साझा किए गए एक अन्य वीडियो में उन्होंने फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों और प्रोड्यूसर्स से काम देने की अपील की। अभिनेता ने कहा कि वे जनवरी से फिर कैमरे के सामने आना चाहते हैं और हिंदी फिल्मों, टेलीविजन धारावाहिकों तथा ओटीटी प्रोजेक्ट्स में अवसर तलाश रहे हैं। उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती पहुंच का जिक्र करते हुए कहा कि ओटीटी के माध्यम से कलाकार देशभर के दर्शकों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने अपने समर्थकों का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि उन्हें जल्द ही काम करने का अवसर मिलेगा। हालांकि, उनकी मौजूदा आर्थिक स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं हैं, लेकिन वायरल वीडियो में उन्होंने सीधे तौर पर किसी आर्थिक सहायता की मांग नहीं की है।
2024 में यौन उत्पीड़न के आरोपों से आए थे चर्चा में
शरद कपूर ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में छोटे अवसरों से अपने करियर की शुरुआत की थी। वर्ष 2000 में शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘जोश’ में प्रकाश शर्मा के नकारात्मक किरदार ने उन्हें खास पहचान दिलाई। इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार का नामांकन भी मिला था। इसके बाद उन्होंने ‘एलओसी कारगिल’, ‘लक्ष्य’ और ‘वांटेड’ सहित 40 से अधिक फिल्मों में काम किया। वे बंगाली सिनेमा और ‘द गुड महाराजा’ जैसी फिल्मों से भी जुड़े रहे हैं। अभिनय के अलावा मुंबई और बेंगलुरु में रेस्टोरेंट व्यवसाय से भी उनका जुड़ाव रहा है। निजी जीवन में वे कोयल बसु से विवाहित हैं, जो पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती हैं। नवंबर 2024 में उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे, जिन्हें उन्होंने खारिज किया था। इन आरोपों के बाद उनका नाम विवादों में आया। अब स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच वे फिर से अभिनय के जरिए अपनी पहचान बनाने की कोशिश में जुटे हैं।