- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 17 खिलाड़ियों को किया सम्मानित, भारतीय शतरंज की उपलब्धियों को मिली पहचान

Image Source:(Internet)
नागपुर। भारतीय शतरंज खिलाड़ियों विदित गुजराती और दिव्या देशमुख को गुरुवार, 13 नवंबर को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन पुरस्कार 2025 प्रदान किया। दोनों खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने के लिए इस सम्मान के लिए चुना गया था। इस वर्ष कुल 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विदित और दिव्या की उपलब्धियों ने भारतीय शतरंज को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दोनों खिलाड़ी बुडापेस्ट में आयोजित 45वें शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे हैं।
विदित की ग्रैंड स्विस जीत, कैंडिडेट्स में शानदार प्रदर्शन
विदित गुजराती ने वर्ष 2023 में एफआईडीई ग्रैंड स्विस प्रतियोगिता जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने 2024 के कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया और छठा स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने दिग्गज खिलाड़ी हिकारू नाकामुरा को दो बार हराया था। इसके अलावा वे 2023 में हांगझोऊ एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष शतरंज टीम का हिस्सा भी रहे। पुरस्कार मिलने पर विदित ने कहा कि परिवार के सदस्यों को खुश और गर्व महसूस करते देखना उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है। उन्होंने कहा कि शुरुआती वर्षों के संघर्ष के बाद उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन ऐसा सम्मान मिलेगा।
दिव्या ने विश्व कप जीतकर हासिल किया ग्रैंडमास्टर खिताब
दिव्या देशमुख ने 2023 में एशियन कॉन्टिनेंटल महिला चैंपियनशिप और 2024 में वर्ल्ड जूनियर गर्ल्स चैंपियनशिप जीती थी। वर्ष 2025 में उन्होंने बटुमी में आयोजित एफआईडीई महिला विश्व कप के फाइनल टाईब्रेक में अनुभवी खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही वे महिला विश्व कप जीतने वाली तीसरी खिलाड़ी बनीं और उन्हें ग्रैंडमास्टर का खिताब भी मिला। बुडापेस्ट शतरंज ओलंपियाड में दिव्या ने टीम स्वर्ण के साथ बोर्ड-3 पर व्यक्तिगत स्वर्ण पदक भी जीता था।