पेंच में पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार, कोलितमारा गेट फिर खुला

    13-Nov-2026
Total Views |
- 8 नवंबर से शुरू हुई सफारी
- पेंच नदी के खूबसूरत नजारों के साथ वन्यजीवों को देखने का मिलेगा मौका

Image Source:(Internet)

नागपुर।
पेंच टाइगर रिजर्व में वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। कई महीनों से बंद पड़ा कोलितमारा सफारी गेट 8 नवंबर से फिर खोल दिया गया है। इसके शुरू होने से पर्यटक अब पेंच के कोर क्षेत्र में स्थित इस पुराने और लोकप्रिय सफारी रूट का आनंद ले सकेंगे। पश्चिमी हिस्से में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। कोलितमारा गेट पेंच के सबसे पुराने प्रवेश द्वारों में शामिल है। सिलारी के साथ इसका भी पर्यटन के लिहाज से विशेष महत्व है। पेंच नदी के किनारे फैला खूबसूरत प्राकृतिक नजारा इस सफारी रूट को खास बनाता है। लंबे समय से स्थानीय जिप्सी संचालक और सफारी गाइड इस गेट को दोबारा शुरू करने की मांग कर रहे थे। उनकी मांग और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए वन विभाग ने इसे फिर से शुरू करने का निर्णय लिया।

12 जिप्सियों की क्षमता, फिलहाल 7 वाहन संचालित
कोलितमारा गेट से प्रतिदिन 12 जिप्सियों के संचालन की क्षमता है, जिनमें फिलहाल 7 वाहन चल रहे हैं। गेट खुलने से पर्यटकों की संख्या बढ़ने और आसपास के गांवों में पर्यटन आधारित कारोबार को लाभ मिलने की उम्मीद है। पेंच टाइगर रिजर्व के उपसंचालक अक्षय गजभिये के अनुसार, कोलितमारा के जंगल में बाघ, तेंदुआ, गौर, चीतल और सांभर जैसे विविध वन्यजीव पाए जाते हैं। यहां की जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार
गेट दोबारा शुरू होने से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। गाइड, जिप्सी संचालन, खानपान और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में काम बढ़ने की संभावना है। वन विभाग को उम्मीद है कि प्रकृति आधारित पर्यटन से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और संरक्षण गतिविधियों में ग्रामीणों की भागीदारी भी बढ़ेगी। वर्तमान में पेंच टाइगर रिजर्व में कुल 8 सफारी गेट हैं, जिनमें 5 कोर और 3 बफर क्षेत्र में स्थित हैं।