करीना के पेंडेंट पर विवाद, तस्लीमा नसरीन ने पूछा- ‘धार्मिक आयत या दिखती क्लीवेज से है आपत्ति?’

    13-Nov-2026
Total Views |
- कानूनी नोटिस भेजे जाने पर लेखिका ने किया अभिनेत्री का समर्थन
- कहा- करीना को माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं

Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क।
दिवाली के मौके पर अभिनेत्री करीना कपूर खान द्वारा पहने गए एक एमराल्ड पेंडेंट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में करीना के गले में नजर आ रहे इस पेंडेंट पर कुरान की आयत आयतुल कुर्सी अंकित है। इस पर आपत्ति जताते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अब्बास हफीज ने करीना और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। उनका आरोप है कि पेंडेंट को जिस तरह पहनकर तस्वीरें साझा की गईं, उससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। अब इस मामले में लेखिका तस्लीमा नसरीन ने करीना का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए धार्मिक भावनाओं के नाम पर महिलाओं के पहनावे और शरीर पर सवाल उठाने वालों की आलोचना की। तस्लीमा ने स्पष्ट कहा कि करीना को इस मामले में माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है।

‘पेंडेंट या क्लीवेज से है आपत्ति?’
तस्लीमा नसरीन ने अपनी पोस्ट में सवाल उठाया कि कुरान की आयत वाला पेंडेंट पहनने में आखिर आपत्ति क्या है? पेंडेंट गले में पहना जाता है और स्वाभाविक रूप से वह छाती के पास ही रहेगा। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में पूछा कि क्या आपत्ति आयत के पेंडेंट से है या करीना के कपड़ों में दिखाई दे रही क्लीवेज से? उन्होंने लिखा कि क्या विरोध करने वालों का मानना है कि महिलाओं के शरीर की रचना अल्लाह ने नहीं, बल्कि शैतान ने की है? तस्लीमा ने धर्म के स्वयंभू रक्षकों की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी धार्मिक प्रतीक की पवित्रता के नाम पर एक महिला को परेशान करना और उससे सार्वजनिक माफी मांगने का दबाव बनाना अनुचित है। उनके अनुसार, पेंडेंट पर लिखे अक्षरों की पवित्रता का सम्मान किया जा रहा है, लेकिन उसे पहनने वाली महिला की गरिमा को नजरअंदाज किया जा रहा है।

‘दूसरों की आस्था अपनी पसंद पर थोपना गलत’

लेखिका ने आगे कहा कि किसी व्यक्ति को कोई धार्मिक आयत पवित्र लगती है तो वह उसका सम्मान कर सकता है, लेकिन अपनी मान्यताओं का बोझ दूसरे व्यक्ति पर नहीं डालना चाहिए। किसी महिला को क्या पहनना है, किस तरह के आभूषण इस्तेमाल करने हैं और तस्वीरें किस अंदाज में खिंचवानी हैं, यह तय करने का अधिकार किसी दूसरे को नहीं है। तस्लीमा ने इसे महिलाओं के शरीर और स्वतंत्रता पर नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाएं आहत होने का दावा किसी को दूसरे की आजादी छीनने या उसे धमकाने का अधिकार नहीं देता। उनके मुताबिक, करीना ने अपनी पसंद का आभूषण पहना है, जिसे अपराध की तरह पेश करना गलत है। उन्होंने उलटे इस मामले में करीना से माफी मांगने की मांग करने वालों को अपनी सोच पर विचार करने की सलाह दी।

भोपाल के शाही परिवार से जुड़ा है पेंडेंट

विवादित पेंडेंट को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, यह आभूषण भोपाल के पूर्व शाही परिवार से संबंधित है और करीना को उनके पति सैफ अली खान के परिवार के जरिए मिला है। इसमें कुरान की आयत आयतुल कुर्सी अंकित है। दिवाली के दौरान करीना ने इस पेंडेंट को अपने पारंपरिक लुक के साथ पहना था और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की थीं। इन्हीं तस्वीरों पर आपत्ति जताते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अब्बास हफीज ने अभिनेत्री और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा। नोटिस में तस्वीरें हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल इस विवाद ने सोशल मीडिया पर धर्म, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और महिलाओं के पहनावे को लेकर नई बहस छेड़ दी है।